
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / सेक्टर-31 स्थित बत्रा अस्पताल में दिल के मरीजों और उनके परिजनों के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अस्पताल के निदेशक डॉ. पंकज बत्रा ने दिल की सेहत बनाए रखने और हृदय रोगों से बचाव के उपायों के बारे में मरीजों और उनके परिवारों को विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में अस्पताल की वार्षिक वर्षगांठ भी मनाई गई।
इस अवसर पर अस्पताल के चेयरमैन रमेश कुमार बत्रा, निदेशक डॉ. पंकज बत्रा और डॉ. कुलभूषण भारतीया गोयल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मिस्टर पूरन पांडेय और दीपा ने किया। विभिन्न विभागों के डॉक्टर जैसे डॉ. आर.के. दुआ (जनरल सर्जरी), डॉ. हर्ष सिंह (ऑर्थोपेडिक), डॉ. क्रिति (गाइनैकोलॉजी), डॉ. अरुणाभ स्वामी (पीडियाट्रिक्स), डॉ. पारुल (इंटर्नल मेडिसिन), डॉ. नजीब उर रहमान (न्यूरोलॉजी), डॉ. सिंह (नेफ्रोलॉजी), डॉ. ईशान (पल्मोनोलॉजी), डॉ. शर्मा (यूरोलॉजी) और डॉ. संजय (गैस्ट्रोएंटरोलॉजी) भी मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. पंकज बत्रा ने कहा, “हमारे फिल्मी गानों में ‘दिल’ का जिक्र कभी प्यार जताने के लिए हुआ तो कभी अपने हालात बताने के लिए। लेकिन यह दिल सिर्फ गानों की जान ही नहीं बल्कि इंसानी शरीर की जान भी है। यह शरीर में उस इंजन की तरह काम करता है जो जन्म से मृत्यु तक हर पल खून पंप करके हमें जिंदा रखता है।”
इस अवसर पर मरीजों ने डॉक्टर पंकज बत्रा को भगवान का रूप बताते हुए उनकी सराहना की। एक मरीज ने डॉक्टर के सम्मान में कविता भी प्रस्तुत की। मरीजों ने कहा कि यह पहला ऐसा अस्पताल है जो सिर्फ इलाज ही नहीं करता, बल्कि इलाज के बाद मरीजों को स्वस्थ जीवन के लिए जागरूक भी करता है।
इसके अलावा, अस्पताल ने दिल की बीमारियों से बचाव पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया। डॉ. बत्रा ने बताया कि नियमित जांच, संतुलित आहार, व्यायाम और तनाव नियंत्रण के जरिए दिल को स्वस्थ रखा जा सकता है। उन्होंने सभी मरीजों और उनके परिजनों को प्रेरित किया कि वे अपनी सेहत का ध्यान रखें और हृदय संबंधी समस्याओं को हल्के में न लें।





