फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ डीएवी सेंटेनरी कॉलेज, फरीदाबाद ने रॉबिन हुड आर्मी (RHA) के सहयोग से ‘मिशन संकल्प-78’ के अंतर्गत एक सफल अनाज संग्रह अभियान आयोजित किया। ‘मिशन संकल्प-78’ एक पहल है जो 1 से 15 अगस्त 2025 तक अनाज संग्रह कर रही है | इसका उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में 78 लाख भोजन जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना है। महाविद्यालय संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ जरूरतमंद व्यक्तियों और परिवारों के लिए पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में अपना यथासंभव योगदान दिया।
रॉबिन हुड आर्मी फ़रीदाबाद के सिटी प्रतिनिधि गौरव रोहिल्ला ने अपने संगठन सदस्यों “रॉबिन्स” के साथ महाविद्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से अनाज एकत्रित किया। गौरव रोहिल्ला ने प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार के साथ भविष्य में होने वाले मानवतावादी कार्यों पर सहयोग पर चर्चा की। प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने संयोजकों विवेक सबरवाल और डॉ. अमित शर्मा के समर्पित प्रयासों, संकाय एवं विद्यार्थियों की प्रतिबद्धता की सराहना की और रॉबिन हुड आर्मी को आश्वस्त किया कि महाविद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार की सामाजिक पहलों में सहयोग करता रहेगा। यह अभियान न केवल कॉलेज की सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि स्वतंत्रता दिवस की सच्ची भावना, एकता, करुणा और समाज सेवा को भी साकार करता है।
