
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ डीएवी शताब्दी कॉलेज, फरीदाबाद के 72 से अधिक उत्साही छात्र—जिनमें एनएसएस और वाईआरसी वॉलंटियर्स एवं एनसीसी कैडेट्स शामिल रहे—ने सेक्टर 12 स्थित एचएसवीपी कन्वेंशन सेंटर, फरीदाबाद में आयोजित सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की।
यह कार्यक्रम हरियाणा सरकार और रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को युद्ध जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में आवश्यक जीवन रक्षक कौशल और त्वरित प्रतिक्रिया तकनीकों से सुसज्जित करना रहा। डीएवी शताब्दी कॉलेज के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने छात्रों को समाज और राष्ट्र की सुरक्षा हेतु इस आंदोलन का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को इमरजेंसी मोबिलिटी एवं रेस्क्यू, फायर एस्केप और रेस्क्यू, तथा कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) जैसी व्यावहारिक ड्रिल्स करवाई गईं। इन अभ्यासों का उद्देश्य युवाओं में आपदा की स्थिति में सजगता, तत्परता और उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करना था।
कॉलेज की ओर से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समुचित समन्वयन व संचालन वाईआरसी काउंसलर दिनेश और अंग्रेज़ी विभाग सहायक प्रोफेसर विवेक सभरवाल द्वारा किया गया।
यह कार्यक्रम छात्रों के लिए न केवल एक उपयोगी अनुभव सिद्ध हुआ, बल्कि उनके भीतर सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी और गहराई से जगाया।







