फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / पुलिस उपायुक्त मुख्यालय के मार्गदर्शन में सामुदायिक पुलिसिंग टीम द्वारा पुलिस की पाठशाला के अंतर्गत तीन जागरूकता सत्रों का आयोजन किया गया। ये सत्र राजीव कॉलोनी, सेक्टर-25 इंडस्ट्रियल एरिया, एवं रेलवे स्टेशन बल्लभगढ़ पर संपन्न हुए, जिनमें आम नागरिकों, श्रमिकों एवं झुग्गी बस्ती में रहने वाले नागरिकों को विभिन्न सुरक्षा विषयों पर जागरूक किया गया।
इन जागरूकता सत्रों के दौरान उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति अभियान, एवं नए कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई। सामुदायिक पुलिसिंग टीम ने सड़क पर सुरक्षित यातायात नियमों का पालन करने, साइबर धोखाधड़ी से बचने, महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनी अधिकारों को जानने, नशे के दुष्प्रभावों को समझने और हाल ही में लागू किए गए नए कानूनों की जानकारी देने पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान उपस्थित पुलिस टीम ने नागरिकों से संवाद कर उनकी शंकाओं का समाधान किया और पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें।
सामुदायिक पुलिसिंग टीम द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे समाज में कानून के प्रति जागरूकता बढ़े और एक सुरक्षित वातावरण का निर्माण हो सके।
