फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / जेसी बोस विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के कंप्यूटर एप्लीकेशन विभाग ने हाल के वर्षों में उल्लेखनीय प्लेसमेंट परिणाम हासिल किए हैं। विभाग के विद्यार्थियों का चयन प्रमुख आईटी कंपनियों, और टेक स्टार्टअप में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, डेटा एनालिटिक्स और आईटी कंसल्टिंग की विविध भूमिकाओं के लिए हुआ है।
विश्वविद्यालय के मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) प्रोग्राम में 2022-2024 बैच के 61 छात्रों ने प्रसिद्ध बहुराष्ट्रीय कंपनियों में इंटर्नशिप और प्लेसमेंट हासिल किया, और मौजूदा प्लेसमेंट अभियान में भी एमसीए के छात्रों की प्लेसमेंट अच्छी रही और आठ छात्रों ने शीर्ष आईटी फर्म में प्लेसमेंट किया। इसी प्रकार, बीसीए 2022-2025 बैच के 13 छात्रों का चयन वैश्विक आईटी और कंसल्टिंग फर्म एक्सेंचर में हुआ।
विभाग की अध्यक्ष डॉ. शिल्पा सेठी ने विभाग की सफलता का श्रेय इसके शैक्षणिक पाठ्यक्रम, उद्योग-अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रमों और इसके प्लेसमेंट सेल की सक्रिय भागीदारी को दिया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में नियमित प्रशिक्षण, तकनीकी कार्यशालाओं और मॉक इंटरव्यू सत्र जैसी गतिविधियां छात्रों को आईटी क्षेत्र की माँगों को पूरा करने के लिए तैयार करती हैं। विप्रो, एक्सेंचर, टीसीएस, कैपजेमिनी, इंफोसिस और एचसीएल जैसी प्रमुख कंपनियां जे.सी. बोस विश्वविद्यालय से एमसीए और बीसीए के विद्यार्थियों में रूचि दिखा रहीं है और उन्हें पांच लाख रुपये से 12 लाख रुपये के पैकेज की पेशकश कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्लेसमेंट अभियान में एनिमेशन और मल्टीमीडिया कार्यक्रमों के छात्रों ने भी अपनी रचनात्मक विशेषज्ञता का प्रदर्शन करते हुए स्टूडियो और प्रोडक्शन हाउस में रोजगार हासिल किया है और छात्र डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में उद्यमी के रूप में उभरे रहे हैं।





