फरीदाबाद, जनतंत्र टुडे / ओम योग संस्थान ट्रस्ट पाली के 26वें वार्षिकोत्सव समारोह एवम स्वामी दयानन्द सरस्वती जी की 200 वीं जयन्ती के उपलक्ष्य में श्रद्धेय योगिराज ओ३मप्रकाश महाराज जी (संस्थापक एवम अध्यक्ष) के पावन सानिध्य में गायत्री महायज्ञ व सामवेद पारायण यज्ञ अनुष्ठान का आयोजन दिनांक 17 नवंबर से 24 नवंबर तक संस्थान के प्रांगण में किया जा रहा हैं।
संस्थान के महामंत्री डॉ संदीप योगाचार्य ने बताया कि बड़े हर्ष का विषय है कि विभिन्न सेवा प्रकल्पों को करते हुए ओम योग संस्थान ट्रस्ट इस वर्ष 26वां वार्षिकोत्सव उत्साहपूर्वक धूूमधाम से मना रहा हैं। उन्होंने कहा कि 26 वर्ष पूर्व इस संस्थान की नींव यज्ञ, योग, चिकित्सा, शिक्षा, देश की संस्कृति संवर्धन जैसे उद्देश्य पूर्ती हेतु रखी गई थी। 26 वर्ष पूर्व स्थापित छोटा सा संस्थान आज एक विशाल वट वृक्ष के समान हो गया है एवं अपने सिद्धांत “सेवा ही हमारा धर्म है, सेवा ही हमारा कर्म है” इसे ध्यान में रखते हुए निरंतर समाज सेवा के प्रकल्पों में लगा हुआ है।
संस्थान के अध्यक्ष व संस्थापक योगीराज ओमप्रकाश महाराज जी ने बताया कि 17 नवंबर से चल रहे गायत्री महायज्ञ एवं चतुर्वेद शतकम महायज्ञ अनुष्ठान की पूर्णाहुति व समापन समारोह दिनांक 24 नवंबर 2024 को होगा जिसके मुख्य अतिथि माननीय चौ० कृष्णपाल गुर्जर जी (केन्द्रीय राज्य मंत्री), अति विशिष्ट अतिथि माननीय श्री विपुल गोयल जी (कैबिनेट मंत्री, हरियाणा सरकार), विशिष्ट अतिथि माननीय चौ० राजेश नागर जी (राज्य मंत्री, हरियाणा सरकार), माननीय श्री गौरव गौतम जी (राज्य मंत्री, हरियाणा सरकार), अतिथि पं० मूलचंद शर्मा (पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक, बल्लभगढ), चौ० सतीश फागना जी (विधायक, एनआईटी फरीदाबाद), श्री धनेश अदलखा जी (विधायक, बड़खल) होंगे। माननीय मुख्य अतिथि एवं अति विशिष्ट अतिथि, विशिष्ट अतिथि तथा सभी अतिथियों का सत्कार स्वागत समिति के द्वारा किया जाएगा।
तत्पश्चात ओम शिक्षा संस्कार स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। विद्यार्थियों के द्वारा सर्वांग सुंदर व्यायाम एवं एरियल सिल्की, मलखंब एवं योगासनों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 26वें वार्षिकोत्सव समारोह के उपलक्ष में आयोजित कार्यक्रम में प्रशासन का सहयोग भी निरंतर मिल रहा है, उन्होंने सभी प्रशासनिक अधिकारियों को सहयोग हेतु धन्यवाद भी दिया। उन्होंने बताया कि प्रशासन के अलावा प्रेस मीडिया जो हमारे समाज का चौथा स्तंभ है उनके द्वारा भी संस्थान को निरंतर सहयोग मिलता रहा है वह समाचार पत्रों व चैनेलों के माध्यम से संस्थान की प्रत्येक खबर को तरजीह देते हुए प्रमुखता से छापते व बताते हैं जिससे अधिक से अधिक संख्या में लोगों को संस्थान के द्वारा किए जा रहे सेवा प्रकल्पों का फायदा मिलता है जिसके लिए हमारे मीडिया के सभी पत्रकार बंधुओ का भी उनके सहयोग हेतु बहुत-बहुत धन्यवाद।
श्रद्धेय योगीराज ने बताया कि इस शुभ अवसर पर अनेकों विद्वान व साधु सन्यासी भी सम्मिलित होंगे जिसमें स्वामी देवव्रत जी, स्वामी सच्चिदानंद जी, स्वामी प्रणवानन्द जी, योगीराज स्वामी जयंत सरस्वती जी का सानिध्य व आशीर्वाद सबको मिलेगा। दिनांक 22, 23 एवं 24 नवंबर 2024 को प्रातः एवं सांय काल योग साधना का भी कार्यक्रम रहेगा, जिसमें साधक गण भाग लेकर ध्यान साधना (योग) का अभ्यास करके लाभ प्राप्त कर सकेंगे एवं यह “आवासीय योग साधना शिविर” पूर्ण रूपेण निःशुल्क रहेगा। सभी साधक गण कृपया अग्रिम सूचना देकर अपना स्थान निश्चित कर लें।
ओ३म् योग संस्थान ट्रस्ट में दिनांक 22 नवंबर से 24 नवंबर 2024 तक प्रतिदिन प्रातः 08:00 बजे से 10:30 एवं दोपहर बाद 02:30 से 06:00 तक चतुुर्वेद शतकम महायज्ञ, गायत्री महायज्ञ अनुष्ठान, भजन, प्रवचन एवं सत्संग का आयोजन किया जा रहा है तथा इसकी परिधि में आने वाले सभी स्वस्थ रहते हुए उत्साह के साथ संस्थान का 26 वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से मना रहे हैं। सभी साधक गण एवं पुण्यात्माएं इस पुनीत एवं पावन अनुष्ठान में सादर आमंत्रित हैं। सभी इस “निःशुल्क आवासीय योग साधना शिविर” में प्रतिभागी बनकर उत्तम स्वास्थ्य, आत्मिक उन्नति एवं आध्यात्मिक लाभ उठाएं।
