फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ गोपाष्टमी के पावन अवसर पर यमुना रक्षक दल के द्वारा वृन्दावन (चौमुहाँ) में आयोजित कार्यक्रम में फरीदाबाद से दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. आर एन सिंह दल के पदाधिकारियों के साथ शिरकत किए। यमुना रक्षक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष परम संत जय कृष्ण दास महाराज की अध्यक्षता में पाँच सौ गौमाताओं के लिए भव्य गौशाला का शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर अपने सम्बोधन में दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ.आर एन सिंह ने कहा कि गौ सेवा सबसे बड़ी सेवा है। भगवान श्रीकृष्ण ने भी गौ सेवा की थी। हमें भगवान श्रीकृष्ण से आशीर्वाद प्राप्त कर गौ सेवा के साथ ही यमुना जी की अविरलता तथा निर्मलता के लिए कृतसंकल्पित होना होगा। यमुना जल का प्राकृतिक मार्ग में नहीं होना मानवाधिकार तथा प्राकृतिक न्याय का भी घोर हनन है।
केंद्रीय तथा राज्य सरकारें यमुना जी की अविरलता तथा निर्मलता के प्रति अत्यंत संवेदनहीन हैं। ब्रजक्षेत्र सहित फरीदाबाद तथा पलवल के साथ हो रहा घोर अन्याय असहनीय हो चुका है, ऐसे में यमुना रक्षक दल के पास जन जागरण के माध्यम से व्यापक जन आन्दोलन का मार्ग ही विकल्प के रूप में बचा है।
यमुना जी की अविरलता तथा निर्मलता के लिए ब्रजक्षेत्र के साथ ही फरीदाबाद की अहम भूमिका होगी।यमुना रक्षक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष परम संत जय कृष्ण दास महाराज ने कहा कि यमुना आन्दोलन के लिए व्यापक जनमानस तैयार हो रही है इस बार का आन्दोलन और व्यापक तथा ऐतिहासिक होगा।
इस अवसर पर यमुना रक्षक दल के पं. के बी दुबे, डॉ. राजवीर सिंह, पं. राधा बल्लभ के अतिरिक्त राष्ट्रीय, प्रान्तीय तथा स्थानीय पदाधिकारी सैकड़ो की संख्या में उपस्थित हुए।
