
फरीदाबाद, जनतंत्र टुडे / हांगकांग में संपन्न हुई ड्रैगन बोट एशियन चैंपियनशिप में इंडिया टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया है। इस टीम में ओल्ड फरीदाबाद के प्रत्यूष अग्रवाल ने भी उम्दा प्रदर्शन किया। इससे अग्रवाल परिवार में खुशी का माहौल है। सोमवार को यह टीम ट्रोफी के साथ स्वदेश लौटेंगी।
प्रत्यूष ने एशियन चैंपियनशिप के लिए जून में झारखंड के पतरातू में हुए ट्रायल में भाग लिया था। ट्रायल में प्रत्यूष ने शानदार प्रदर्श्यान किया था। इसके चलते ड्रेगन एसोसिएशन ने प्रत्यूष को इंडियन टीम में चयन कर पत्र जारी किया था। ड्रैगन बोट एशियन चैंपियनशिप 11 और 12 अक्टूबर को हुई थी। टीम इंडिया ने 500 मीटर अपने मुकाबले में ब्रॉन्ज मेडल जीता। इससे परिवार में खुशी का माहौल है और रिश्तेदार व पड़ोसी लोग अग्रवाल परिवार को बधाई देने जा रहे हैं, क्योंकि नौकायान खेल में इंटरनैशनल स्तर पर फरीदाबाद से किसी खिलाड़ी का चयन हुआ है। प्रत्यूष की मां रूचि गुप्ता ने बताया कि उनका बेटा अभी 13 साल का है और यमुनानगर स्थित कैरियर डिफेंस स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ता है। —
रूचि गुप्ता ने बताया कि नौकायान से पहले प्रत्यूष शौकिया तौर पर खेलों में हिस्सा लेते थे। वह रोजाना चार से पांच घंटे प्रैक्टिस करते हैं। उन्होंने आठ महीने पहले ही इसका अभ्यास शुरू किया था। वह जिला और प्रदेश स्तर पर भी फरीदाबाद का मान बढ़ा सके हैं। रूचि गुप्ता ने बताया कि टीम इंडिया सोमवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचेगी और प्रत्यूष फरीदाबाद नहीं लौटेगा। वह सीधे यमुनानगर जाएगा।





