फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
अग्रवाल महाविद्यालय में सात दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कृष्णकांत जी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
अग्रवाल महाविद्यालय के एनएसएस सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई। सात दिवसीय एनएसएस शिविर का तीसरा दिन भी प्रार्थना, योगा, व्यायाम कसरत, इत्यादि से शुरू हुआ। सर्वप्रथम महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया और स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर में से जगह जगह से कूड़ा एकत्रित कर साफ़-सफाई की। तत्पश्चात स्वयंसेवकों ने प्रयास सोशल वेलफेयर सोसाइटी में जाकर वंचित समुदायों और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को स्टेशनरी वितरित की। आज ही के दिन सीए प्रियंका गर्ग द्वारा एक व्याख्यान दिया गया जिसमें स्वयंसेवकों को अपने सेवाभाव से समाज कल्याण कर सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि आप सभी सपने देखें और जीवन सफल भी उसी व्यक्ति का कहलाता है जो कोई सपना देखे और उसे पूरा करने के लिए दृढ़संकल्प से जी जान लगा दे और कड़ी मेहनत के बाद जब सपना सच होता है तो जो ख़ुशी मिलती है उसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते।
साथ ही साथ आज स्वयंसेवकों के मध्य मेहंदी प्रतियोगिता भी करवाई गई जिसमें सभी स्वयंसेवकों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए आज एक रैली भी निकाली गई जिसमें स्वयंसेवकों ने सड़क सुरक्षा से संबंधित नियम बताए और यातायात के निर्बाध आगमन, सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षा और अन्य नागरिकों को सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात के नियमो का पालन करना क्यूं आवश्यक है को लेकर जागरूक किया।
आज ही के दिन एक और व्याख्यान आयोजित कराया गया जिसमे मुथूट फाइनेंस बैंक NIT III की तरफ से ग्राहक सेवा कार्यकारी अधिकारी दीया बंसल ने इस व्याख्यान में बताया कि स्वयंसेवकों को किस तरह से अपने वित्तीय प्रबंध करना चाहिए। नशा मुक्ति जागरूकता पर रैली का आयोजन किया गया, जिसमे “नशा करता है खराब, मिलकर करो इसका बहिष्कार।” “नशा अपनाओगे तो खुशियों से दूर हो जाओगे।” आदि नारों के साथ रैली अम्बेडकर चौक से लेकर मैन बाजार बल्लबगढ़ होते हुए वापस महाविद्यालय पहुँची। पुरुष और महिला के बीच समानता विषय पर वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें प्रत्येक ग्रुप से दो-दो स्वयंसेवकों ने भाग लिया, जिसमें से एक स्वयंसेवक ने इसके पक्ष में तो दूसरे ने इसके विपक्ष में अपने बहुत ही तार्किक और अलग तरीके के तर्क रखे।
सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवक वृद्धा आश्रम गए और वहां पर जाकर उन्होंने वृद्ध आश्रम में रह रहे व्यक्तियों के साथ परिवारिक माहौल बनाया और उनके साथ मित्रपूर्ण व्यवहार करके उनके चेहरे पर एक अलग तरह की खुशी देखी, वृद्ध आश्रम में रहने वाले व्यक्तियों ने एनएसएस स्वयंसेवकों को इस गतिविधि के लिए प्रशंसा की और अपने जीवन में आगे बढ़ते रहने के लिए आशीर्वाद दिया ।
प्राचार्य डॉ. कृष्ण कांत गुप्ता ने एनएसएस के तीनों कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शोभना गोयल, डॉ. सुप्रिया ढांडा और डॉ. सीमा मलिक को शिविर के बेहतरीन संचालन के लिए बधाई दी।
