फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
सामाजिक दायित्व के निर्वहन के अंतर्गत अग्रवाल महाविद्यालय बल्लभगढ़ के इतिहास विभाग की प्राध्यापिका डॉ सुप्रिया ढांडा द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, साहूपुरा, बल्लभगढ़ में एक प्रेरक व्याख्यान दिया गया। यह व्याख्यान इतिहास विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ० सुप्रिया ढांडा द्वारा विद्यालय के दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को दिया गया। इस व्याख्यान का आयोजन अग्रवाल महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० कृष्ण कांत गुप्ता जी के कुशल नेतृत्व एवम् मार्गदर्शन में हुआ। व्याख्यान का विषय-“विद्यार्थी जीवन में चरित्र निर्माण व नैतिक मूल्यों का महत्त्व” रहा। डॉ० सुप्रिया ढांडा ने अपने वक्तव्य में बताया कि नैतिक मूल्य किसी भी छात्र के जीवन में एक आवश्यक भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थी जीवन में तो नैतिक मूल्यों और चरित्र निर्माण का विशेष महत्त्व और उपयोगिता है। नैतिक मूल्यों के द्वारा ही विद्यार्थी अपने चरित्र एवं व्यक्तित्व का सुन्दर निर्माण कर भविष्य को उज्ज्वल बना सकते हैं। विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, करुणा, सम्मान, स्वाभिमान, दया और विनम्रता जैसे गुणों के साथ एक सकारात्मक चरित्र बना सकते हैं। नैतिक मूल्यों की उपयोगिता व्यक्ति, समाज और राष्ट्र इन सभी के लिए है। विद्यार्थी देश का भविष्य है, इसलिए उनसे समस्त राष्ट्र को नैतिक आचरण का लाभ मिलेगा। अंत में विद्यार्थियों ने व्याख्यान के विषय से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका मुख्य वक्ता डॉ० सुप्रिया ढांडा ने व्याख्यापूर्ण विवरण दिया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, साहूपुरा, की कॉमर्स विभाग की प्राध्यापिका श्रीमती रजनी ने अंत में डॉ० सुप्रिया ढांडा का इस प्रेरक व्याख्यान हेतु आभार प्रकट किया। अग्रवाल महाविद्यालय के इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉo जयपाल सिंह ने बताया की सामाजिक दायित्व के निर्वहन के अंतर्गत इतिहास विभाग ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, साहूपुरा, बल्लभगढ़ को अडॉप्ट किया है तथा समय-समय पर दोनों विभागों के मध्य इसी तरह भविष्य में भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
