
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ अग्रवाल सभा सेक्टर 28-31 द्वारा यथार्थ हॉस्पिटल, सेक्टर-88 के संयुक्त तत्वावधान में सेक्टर-29 सामुदायिक भवन के प्रांगण में एक भव्य स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लगभग 300 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
शिविर में आने वाले सभी लोगों के लिए अग्रवाल सभा की ओर से सुबह के नाश्ते की भी व्यवस्था की गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में सभा के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विशेष रूप से ब्रह्म स्वरूप गुप्ता जी ने व्यवस्था एवं प्रबंधन में अहम भूमिका निभाई, जिसके लिए सभी ने उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक आयोजन न केवल आपसी संबंधों, सहयोग और भाईचारे को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को स्वस्थ एवं जागरूक रहने के लिए भी प्रेरित करते हैं। स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ, सशक्त और सकारात्मक समाज के निर्माण में अपना प्रभावी योगदान दे सकता है।
अग्रवाल सभा के प्रधान कपिल गर्ग एवं महासचिव हिमांशु अग्रवाल द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने के निर्णय की सभी उपस्थित लोगों ने सराहना की तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहित एवं समाजसेवा के कार्य निरंतर आयोजित करने के लिए सभा को प्रोत्साहित किया।
सभी ने सफल आयोजन के लिए एक-दूसरे को बधाई दी और ईश्वर से कामना की कि अग्रवाल सभा भविष्य में भी समाजहित में ऐसे सेवा एवं जनकल्याण के कार्य सभी के सहयोग से निरंतर करती रहे।




