
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / नई दिल्ली :—- अपैरल, मेड-अप्स और होम फर्निशिंग सेक्टर स्किल काउंसिल (एएमएचएसएससी) ने टेक्सटाइल और अपैरल सेक्टर में नौकरी की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए एक नया जॉब पोर्टल लॉन्च किया है। कौशल विकास उद्यमिता मंत्रालय के तहत काम करने वाली एएमएचएसएससी की यह पहल उद्योग और प्रशिक्षित युवाओं को एक मंच पर जोड़ने का काम करेगी।
पोर्टल https://jobs.sscamh.com खास तौर पर अपैरल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स, एक्सपोर्ट हाउस और होम फर्निशिंग कंपनियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इसके जरिए छोटे और बड़े उद्योग बिना किसी शुल्क के नौकरी की जानकारी पोस्ट कर सकेंगे, उम्मीदवारों की प्रोफाइल देख सकेंगे और अपनी जरूरत के अनुसार कर्मचारियों की भर्ती कर सकेंगे।
एएमएचएसएससी के अधिकारियों के अनुसार, टेक्सटाइल सेक्टर में अब भी भर्ती का बड़ा हिस्सा अनौपचारिक माध्यमों से होता है, जिससे प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसरों तक पहुंचने में कठिनाई होती है। यह पोर्टल भर्ती प्रक्रिया को अधिक संगठित, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। काउंसिल ने सर्टिफाइड ऑपरेटरों, कटिंग-स्टिचिंग विशेषज्ञों, गुणवत्ता नियंत्रण कर्मियों, सुपरवाइजरों और नए प्रशिक्षित युवाओं से भी पोर्टल पर पंजीकरण करने की अपील की है। उनका मानना है कि बड़ी संख्या में कुशल और अर्धकुशल कार्यबल अब भी औपचारिक भर्ती प्रणाली से बाहर है, जिससे उद्योगों को उपयुक्त प्रतिभा खोजने में परेशानी होती है।
एएमएचएसएससी के सीईओ आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि कि यह पोर्टल रोजगार के लिए एक संरचित और सुलभ व्यवस्था तैयार करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। कैंडिडेट्स इस पोर्टल के जरिये अपनी योग्यता, सर्टिफिकेट, तकनीकी कौशल और जॉब की जगह संबंधी प्राथमिकताओं को देशभर के उद्योगों तक पहुंचा सकेंगे। उन्होंने औद्योगिक संगठनों, ट्रेनिंग पार्टनर्स और अन्य हितधारकों से इस पहल को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग की अपील भी की।




