
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग ने विद्यार्थियों के व्यावसायिक भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल (टीपीओ) के सहयोग से आज मास्टर ऑफ सोशल वर्क (एमएसडब्ल्यू) के छात्रों के लिए एक विशेष ‘कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव’ का सफल आयोजन किया गया।
विश्वविद्यालय के टीपीओ भवन के प्रथम तल पर आयोजित इस ड्राइव में प्रसिद्ध सामाजिक संस्था ‘टोली’ ने मुख्य भागीदार के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान एमएसडब्ल्यू के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। संस्था के प्रतिनिधियों ने छात्रों के साथ सीधा संवाद किया और उन्हें कार्य की जिम्मेदारियों, क्षेत्रीय चुनौतियों और सामाजिक सशक्तिकरण में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से समझाया। चयन प्रक्रिया के दौरान छात्रों के शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ उनके व्यावहारिक कौशल और मानवीय दृष्टिकोण को भी परखा गया।
मीडिया विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह ने बताया कि हमारा निरंतर प्रयास रहता है कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान न मिले, बल्कि वे वास्तविक कार्यक्षेत्र की चुनौतियों के लिए भी तैयार हों। सोशल वर्क का क्षेत्र संवेदना और समर्पण का है। इस प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से हम छात्रों को एक ऐसा मंच प्रदान कर रहे हैं जहां वे अपने कौशल का उपयोग समावेशी समाज के निर्माण में कर सकें। ‘टोली’ जैसी संस्थाओं का साथ छात्रों के व्यावसायिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। हम भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराते रहेंगे।
विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट समन्वयकों और शिक्षकों के इस सफल आयोजन की कोऑर्डिनेटर डॉ.अखिलेश त्रिपाठी ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कैंपस ड्राइव से न केवल छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि उन्हें यह भी समझ आता है कि बाजार की वर्तमान मांगें क्या हैं।





