
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन फरीदाबाद की ओर से संगठन के सदस्य श्री मांगेराम जी द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालय रसूलपुर में आयोजित 10 दिवसीय एनसीसी CAT-165 कैंप के अंतर्गत विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस योग शिविर में राज्यभर से आए लगभग 600 प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अमित विस्ट सेवा मेडल ने की, जबकि संयोजन सूबेदार मेजर सुभाष सिंह द्वारा किया गया। एचओडी संयोजक मांगे राम कमांडो एचजीएस फरीदाबाद ने जानकारी देते हुए बताया कि योग सत्र की शुरुआत गायत्री महामंत्र से हुई, जिसके उपरांत पलवल जिला अध्यक्ष एवं योगाचार्य गुरमेश सिंह ने सामान्य योग अभ्यासक्रम प्रोटोकॉल के अनुसार विद्यार्थियों को योगाभ्यास कराया।
योगाचार्य गुरमेश सिंह ने सूर्य नमस्कार के साथ सूक्ष्म व्यायाम के अंतर्गत ग्रीवा चालन, स्कंध चालन, कटि चालन एवं घुटना चालन का अभ्यास कराया। इसके साथ ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, चंद्रासन, वज्रासन, शशांकासन, उत्तान मंडूकासन, बकासन, मकरासन, भुजंगासन, सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, अर्धहलासन, पवनमुक्तासन एवं शवासन का अभ्यास भी कराया गया।
प्राणायाम सत्र में कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली एवं भ्रामरी प्राणायाम के साथ ध्यान योग भी कराया गया। इस अवसर पर योगाचार्य गुरमेश सिंह ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए संतुलित आहार, हरी सब्जियों एवं फलों के सेवन तथा नियमित व्यायाम के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर संगठन के जनरल सेक्रेटरी अंकुर सिंह एवं सेक्रेटरी श्याम कुमार ने बताया कि फरीदाबाद में योग को खेलों की मुख्यधारा से जोड़ने तथा आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में लगातार योग शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को योगासन खेलों की ओर प्रेरित कर स्वस्थ एवं अनुशासित भारत के निर्माण का संकल्प लिया गया है।
सत्र के दौरान मोनिका देशवाल, राजेंद्र सिंह, रिंपल, चंचल, मनजीत, कमलेश नरवत, पूजा, राजेश, स्वाति एवं कोमल सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।




