

फरीदाबाद, जनतंत्र टुडे / फरीदाबाद शहर में चरमराई सफाई व्यवस्था को लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी फरीदाबाद के तत्वाधान में जोरदार विरोध प्रदर्शन कर हरियाणा के महामहिम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्फत भेजा गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने की। जबकि पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना, पृथला क्षेत्र के विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। कांगे्रस सुबह सवेरे सैक्टर-12 स्थित पैट्रोल पम्प पर एकत्र हुए जहां से एक जुलूस की शक्ल में विरोध प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी भी की और ज्ञापन की मार्फत नगर निगम फरीदाबाद व फायर बिग्रेड कर्मचारियों की मांगों को मानते हड़ताल को समाप्त करवाने की अपील की।
इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि पिछले आठ अप्रैल से हरियाणा अग्निशमन विभाग के कर्मचारी हड़ताल पर बैठे है। यह कर्मचारी 16 फरवरी को मुजेसर स्थित कालका कम्पनी अग्निकाण्ड में शहीद हुए भवीचंद शर्मा, रणबीर सिंह के आश्रितों को एक करोड़ की आर्थिक सहायता, पक्की नौकरी व शहीद का दर्जा देने की मांग को लेकर हड़ताल पर है, लेकिन सरकार के कानों पर कोई जूं नहीं रेंग रही। वहीं नगर निगम फरीदाबाद के सफाई कर्मचारी एक मई से हड़ताल पर बैठे है और सरकार उनकी मांगों को सुनने को तैयार नहीं है। हड़ताल के चलते समूचे शहर में गंदगी के ढेर लगे हुए है। सफाई व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। हालात इतने खराब है कि गर्मी के कारण कूड़े के ढेरों में बदबू उठनी शुरू हो गई है। इससे बिमारियों का बढऩा लाजमी है। उन्होंने कहा कि हैरत की बात है कि हरियाणा का शहरी विकास मंत्री फरीदाबाद से ही विधायक है, लेकिन उसे फरीदाबाद की कोई चिंता नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से हड़ताली कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करती है और कर्मचारियों के हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही सरकार ने इस ओर संज्ञान नहीं लिया तो कांग्रेस पार्टी सडक़ों पर उतर आन्दोलन को तेज करने पर मजबूर होगी।
वहीं इस मौके पर पूर्व सांसद अवतार भड़ाना ने भाजपा सरकार को हर मोर्चें पर विफल करार देते हुए कहा कि सांसद और विधायक मंत्री बनकर सत्ता की मलाई चखने में व्यस्त है। उन्हें जनता के दुख-दर्द से कोई लेना-देना नहीं। क्योंकि यह सरकार झूठ, जुमले व वोट चोरी से बनी हुई सरकार है। इसलिए इन्हीं जनता के दुख: दर्द नहीं दिखते। गर्मी में बिजली व्यवस्था का बुरा हाल है ऊपर से चौपट सफाई व्यवस्था ने लोगों को बदहाल जिन्दगी जीने के लिए मजबूर कर दिया है। रही बात भ्रष्टाचार की तो पूरे फरीदाबाद सहित समूचे देश ने देख लिया कैसे सत्ताधारी मंत्री और विधायक सरेआम मान रहे है कि पिछले 10-12 वर्षों से फरीदाबाद में नगर निगम भ्रष्टाचार का अड्डा बना हुआ है। ऐसे में जब मंत्री और विधायक ही यह मान ले की भ्रष्टाचार की जड़े मजबूत होती जा रही है और यह मंत्री और विधायक अधिकारियों पर नकेल कसने में पूरी तरह से फेल है, तो जनता का राम ही रखवाला है। उन्होंने कहा कि जब मंत्री विधायक यह कह रहे है, 10-12 साल पूर्व की सरकार में बनी सडक़ें आज भी नई जैसी मजबूत है, लेकिन मौजूदा सरकार में बनी सडक़ें मात्र चार से छह महीनों में घटिया सामग्री के चलते टूट जाती है। ऐसे में जनता को भी अब समझ लेना चाहिए कि कांग्रेस पार्टी ही सही मायनों में देश और प्रदेश का सही विकास और भ्रष्टाचार को खत्म कर सकती है।
कांग्रेस विधायक रघुबीर तेवतिया ने भी भ्रष्टाचार और विकास के मामले पर सरकार और प्रशासन को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि नगर निगम फरीदाबाद में पृथला विधानसभा क्षेत्र के सात गांव नगर निगम में शामिल हुए थे और इन ग्राम पंचायतों की बेशकीमती हजारों करोड़ की जमीन भी नगर निगम के अधीन हो गई। इसके बावजूद इन गांवों में नगर निगम द्वारा न तो कोई विकास कार्य करवाए जा रहे है और न ही सफाई व्यवस्था पर कोई ध्यान है। सरेआम भ्रष्टचार का बोलबाला है और अधिकारी निरकुंश है।
इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व पार्षद योगेश ढींगड़ा,गौरव ढींगड़ा, अनिल शर्मा, हरियाण कांग्रेस विचार विभाग के चेयरमैन विनोद कौशिक, दीपक चौधरी, जिला उपाध्यक्ष रेनू चौहान, तिलक, उमेश कौशिक, डा. सौरभ शर्मा, राकेश तंवर, राजकुमार यादव, बलजीत अरोड़ा, इकबाल खान, एनके शर्मा, मोहसिन खान, अनुज शर्मा, सरला भामोत्रा, चंचल तंवर, चुन्नु राजपूत, मोनू ढिल्लो, गौरव चौधरी, सुमित भाटिया, सुदेश बेनीवाल, बाबूलाल रवि, राहुल नागर, शाहबुद्दीन खान, दिनेश शर्मा, मंगतराम शर्मा, महेश बैंसला, योगेश तंवर, विकास फागना, जयभगवान भारद्वाज, प्रवेश सिंह, शशांक गुप्ता एडवोकेट, प्रेम यादव, शैलेन्द्र, सलमान खान, रविन्द्र दहिया, प्रशांत कौशिक, डा. गोयल, सेवा चौधरी, वेद भड़ाना सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।






