
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा निर्देशों पर आज पृथ्वी दिवस के अवसर पर सेक्टर-16 मार्केट में एक जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत सफाई अभियान चलाया गया तथा नागरिकों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कपड़े के थैलों का वितरण भी किया गया।
पृथ्वी दिवस पर निगम आयुक्त ने नागरिकों से अपील की गई कि वे गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करें तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग बंद कर स्वच्छ, हरित और स्वस्थ फरीदाबाद के निर्माण में सहयोग करें।
इस अवसर पर कल्पना मंडल (आईईसी एक्सपर्ट एवं जिला समन्वयक, स्वच्छ भारत मिशन) के साथ स्वयंसेवक बबीता सिंह, पिंकी बरार, ए.के. गौर, बलबीर घुमन, एरिया एसआई जगबीर चौहान तथा मंडी सचिव एसोसिएशन के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने मिलकर क्षेत्र में स्वच्छता का संदेश दिया और लोगों को प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
नगर निगम के द्वारा अपील की है कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपने घर से ही कपड़े का थैला लेकर आएं।
जागरूकता के बाद कुछ समय उपरांत नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने हेतु उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालान/दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। अतः सभी नागरिक इस संबंध में विशेष ध्यान रखें और स्वच्छ व प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने में सहयोग करें।






