फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / नगर निगम फरीदाबाद के निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने आज वार्ड नंबर- 10 का निरीक्षण किया। निगम आयुक्त के लगातार दौरे पूरे फरीदाबाद निगम क्षेत्र में जारी हैं, निगम का उद्देश्य जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का आकलन करना और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वार्ड के भीतर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से प्याली हार्डवेयर चौक के आसपास हो रहे अतिक्रमण और अवैध रूप से संचालित मीट की दुकानों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके अलावा प्याली चौक से लेजर वैली पार्क होते हुए 3 नंबर पुलिया तक ग्रीन बेल्ट पर हो रहे कब्जों को भी हटाने के निर्देश दिए हैं । उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। वार्ड- 10 के निरीक्षण के दौरान जॉइंट कमिश्नर जितेंद्र जोशी ,वार्ड पार्षद भगवान सिंह सहित स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
पार्षद एवं क्षेत्रवासियों ने निगम आयुक्त का वार्ड में पहुंचने पर स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में पहली बार ऐसा हो रहा है जब नगर निगम के आयुक्त स्वयं प्रत्येक वार्ड में जाकर जनता की समस्याएं सुन रहे हैं और मौके पर ही समाधान के निर्देश दे रहे हैं।
इस अवसर पर निगम आयुक्त ने डबुआ कूड़ा कलेक्शन प्वाइंट और लेजर वैली पार्क का दौरा किया ।वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए तथा कहा कि क्षेत्र से गंदगी को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन गलियों में स्ट्रीट लाइट की कमी है, वहां शीघ्र नई लाइटें लगाई जाएं ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी बरसात से पहले सभी नाले और नालियों की भी सफाई करवाना भी सुनिश्चित करें।
निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा ने वार्ड 10 के निरीक्षण के दौरान फरीदाबाद शहर वासियों को निर्देशित किया है कि वह सभी सरकारी जमीन पर पड़े हुए अपने किसी भी प्रकार की सामग्री को हटा ले अन्यथा एक हफ्ते के बाद सरकारी जमीनों पर पड़े हुए सामान चाहे वह किसी भी डिपार्टमेंट अथवा प्राइवेट व्यक्ति से संबंधित होगा, उस समान की नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी जिसकी जिम्मेदारी स्वयं सामग्री अथवा सरकारी जमीन पर समान रखने वाले लोगों की होगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम फरीदाबाद शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में संकल्परत है।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की सफाई, सुचारू यातायात व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
