
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / आरडब्ल्यूए सेक्टर-76 बीपीटीपी ग्रेटर फरीदाबाद के प्रधान विनोद नागर के मार्गदर्शन में मंगलवार को एक प्रतिनिधिमंडल बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता जितेंद्र ढुल से मिला। प्रधान विनोद नागर ने अधीक्षण अभियंता को बताया कि बीपीटीपी कंपनी उपभोक्ता ग्रीवेंस रेडरेसल फोरम, हरियाणा बिजली रेगुलेटरी कमिशन पंचकुला एवं बिजली विभाग के आदेशों की अनदेखी करके बिजली बिल वसूली में धांधली कर रहा है।
ज्ञात रहे कि बीपीटीपी अपनी लाइसेंस कॉलोनी में अपने मीटर से बिजली सप्लाई रहा है। नियमानुसार बीपीटीपी को बिजली के बिल में कॉमन एरिया बिजली शुल्क शामिल नहीं करने चाहिए जबकि बीपीटीपी कॉमन एरिया बिजली शुल्क शामिल करके भेज रहा है। यही नहीं बीपीटीपी उपभोक्ताओं से अलग अलग राशि का कॉमन एरिया बिजली शुल्क वसूल कर रहा है, जो कि सभी उपभोक्ताओं की समझ से परे हैं।
प्रधान विनोद नागर ने बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता से शिकायत की है कि बिजली बिल में किसी भी तरह की धांधली को रोकने की जिम्मेदारी बिजली विभाग के संबंधित एसडीओ की है, जो कि बीपीटीपी कंपनी से मिला हुआ है। प्रधान ने अधीक्षण अभियंता से मांग की है कि बीपीटीपी की गैरकानूनी तरीके से की जा रही वसूली के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएं और जिनसे भी अवैध वसूली की गई है, उनकी राशि ब्याज सहित वापस करवाई जाएं।
आरडब्ल्यूए की शिकायत पर अधीक्षण अभियंता जितेंद्र ढुल ने एसडीओ बीपीटीपी को आदेश दिया है कि सात दिन के अंदर पूरी रिपोर्ट बनाकर सौंपी जाएं। इसके अलावा अधीक्षण अभियंता ने यह भी कहा कि वे खुद मौका मुआयना करके यह सुनिश्चित करेंगे कि जल्द से जल्द सेक्टर को मल्टीपल कनेक्शन जारी किया जाएं, ताकि बीपीटीपी की लूटखसोट से स्थायी तौर पर निजात मिल सकें। इस प्रतिनिधिमंडल में सतीश चौहान, के सिंह, रामेश्वर भक्ता, आरडब्ल्यूए उपाध्यक्ष सरदानंद नागर, उपाध्यक्ष रणबीर डागर, शमशेर कादियान, तेजवीर, राजवीर सोलंकी, आलोक चौहान, दलबीर पोसवाल, पवन नागर, डीके त्यागी, संजय बंसल, सतपाल फागना, मुंदराज रावत, संरक्षक खड़क सिंह, अजय चंदीला, महासचिव अशोक गौतम इत्यादि मौजूद थे।





