
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय में वुमन सेल व बी.बी.ए. विभाग के संगठित प्रयास से महिला सुरक्षा जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बी.बी.ए. संकाय के लगभग सौ विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा व साइबर अपराध के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता ए.सी.पी मोनिका (महिला सुरक्षा, फरीदाबाद) ने विद्यार्थियों को अपराध की रोकथाम, अपराध होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने, ट्रिप मॉनिटरिंग प्रोजेक्ट, महिला थाना हेल्पलाइन, साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर-1930, बहुउद्देशीय हेल्पलाइन नंबर-112 की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी निजी जानकारी व निजी तस्वीरें किसी भी अन्य व्यक्ति के साथ साँझा न करने की सलाह दी।
S.H.O सविता (महिला सुरक्षा, फरीदाबाद) ने साइबर अपराध की रोकथाम के लिए विद्यार्थियों को सामाजिक मीडिया प्रयोग करते समय सतर्कता बरतने, अज्ञात फोन कॉल, वीडियो कॉल न उठाने, फेक वेबसाइट का प्रयोग न करने व साइबर ठगी से बचने के लिए दिशा-निर्देश दिए।
महाविद्यालय की कार्यकारी प्राचार्या डॉ अर्चना भाटिया ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए उनको हमेशा अच्छी संगति में रहने, अच्छा आचार- व्यवहार अपनाने, अच्छा चरित्र अपनाने व छात्र-छात्राओं को एक दूसरे का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में वुमन सेल-संयोजक डॉ. रुचि मल्होत्रा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक- डॉ. निशा सिंह व डॉ अंकिता मोहिंद्रा,आयोजन सचिव-श्रीमती स्नेहलता व श्रीमती तनुजा गर्ग सहित अन्य प्राध्यापकगण मौजूद रहे।






