फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के परिवार में शोक व्याप्त है। उनकी भाभी एवं स्वर्गीय विनोद गोयल की धर्मपत्नी, श्रीमती रेनू गोयल का 24 सितंबर, बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। रेनू गोयल के असामयिक निधन से न केवल गोयल परिवार बल्कि सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में भी शोक व्याप्त है।
रविवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं विपुल गोयल के फरीदाबाद स्थित निवास पर पहुँचे। उन्होंने परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएँ प्रकट कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि “रेनू गोयल का अचानक जाना परिवार और समाज दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है। इस कठिन समय में पूरा प्रदेश गोयल परिवार के साथ खड़ा है।”
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए उन्हें धैर्य एवं साहस बनाए रखने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री का यह दौरा केवल व्यक्तिगत संवेदनशीलता का परिचायक नहीं, बल्कि हरियाणा मंत्रिमंडल और भारतीय जनता पार्टी के पारिवारिक जुड़ाव का प्रतीक भी रहा। इससे पूर्व शनिवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री मोहन लाल बड़ौली भी श्रद्धांजलि देने विपुल गोयल के निवास पर पहुँचे थे।
रेनू गोयल के निधन पर कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और समाज के गणमान्यजनों ने भी गोयल निवास पहुँचकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल एवं उनके परिवार से भेंट कर संवेदनाएँ व्यक्त कीं और ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले तथा परिवार को इस दुखद घड़ी में संबल प्राप्त हो।
रेनू गोयल सामाजिक जीवन में सरल स्वभाव, मधुर व्यवहार और सहयोगी स्वाभाव के लिए जानी जाती थीं। विभिन्न संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
