फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / आज दिनांक 09.01.2025 को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि जिला पलवल में प्रकाश विहार कॉलोनी में नई उमंग समाज कल्याण फाउंडेशन के नाम से एक नशा मुक्ति केंद्र खुला हुआ है। जिसके संचालक गुरेन्द्र द्वारा ना तो सम्बंधित विभाग से कोई वैध अनुमति ली हुई है ना ही नशे करने वाले व्यक्तियों के लिए सक्षम डॉक्टर व अन्य स्टाफ रखा हुआ है।
इस सूचना के सम्बंध में मुख्यमंत्री उडन दस्ता फरीदाबाद द्वारा नियमानुसार कार्यवाही कराने के लिए सिविल सर्जन कार्यालय पलवल से सक्षम अधिकारी नियुक्त करने बारे अनुरोध किया। जिस पर डॉक्टर सुदीप सैनी चिकित्सा अधिकारी सामान्य अस्पताल पलवल ने श्री सुखपाल तहसील कल्याण अधिकारी व स्थानीय पुलिस के साथ नई उमंग समाज कल्याण फाउंडेशन नामक नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मौका पर गुरविंदर निवासी गांव बुखारपुर जिला फरीदाबाद हाजिर मिला। जिससे नशा मुक्ति केंद्र चलाने बारे वैध अनुमति/लाइसेंस पेश करने को कहा गया। लेकिन वह नशा मुक्ति केंद्र चलाने बारे कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
निरीक्षण के दौरान इस केंद्र में 49 नशा के आदि व्यक्ति मौजूद मिले। जिन्होंने पूछताछ पर बतलाया कि नशा छुड़वाने के नाम पर उनसे प्रतिमाह 8 से 10 हजार रुपये लिए जाते हैं। इस केंद्र में कोई सक्षम डॉक्टर, योगा टीचर व काउंसलर आदि नहीं मिले। केवल संचालक द्वारा ही उन्हें अंग्रेजी दवाइयां देनी बतलाई।
निरीक्षण पर 7 प्रकार की अंग्रेजी दवाइयां मिलीं। उपरोक्त संस्था की 2 मोहरे, 49 व्यक्तियों की फाइले, हाजरी रजिस्टर आदि रखे मिले।
इस प्रकार गुरविंदर नामक व्यक्ति द्वारा लोगों को धोखे में रखकर बिना वेध अनुमति/कोई लाइसेंस लिए बिना ही अवैध रूप से नशा मुक्ति केंद्र चलाकर, 49 लोगों को शराब छुड़वाने के नाम पर एक परिसर में रखने के संबंध में श्री सुदीप सैनी चिकित्सा अधिकारी की शिकायत पर थाना कैंप पलवल में आपराधिक अभियोग अंकित कराया जा रहा है।
