फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
अग्रवाल महाविद्यालय बल्लभगढ़ की आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ की 32वीं बैठक का आयोजन किया गया। इसमें विशेषज्ञ के रूप में बाहर से प्रोफेसर एस.के. चक्रवर्ती, प्रोफेसर संदीप ग्रोवर एवं श्री रमन हांडा ने हिस्सा लिया। बैठक के प्रारंभ में प्राचार्य डॉक्टर कृष्ण कांत ने सभी सदस्यों का स्वागत किया एवं विगत 5 महीनों में महाविद्यालय में हुई गतिविधियों एवं उपलब्धियों से सभी सदस्यों को अवगत कराया। तत्पश्चात आइक्यूएसी को ऑर्डिनेटर डॉ मनोज शुक्ला ने बैठक के एजेंडा को सभी सदस्यों के सामने रखा जिस पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के महाविद्यालय में क्रियान्वन पर चर्चा हुई। इसके अलावा विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए महाविद्यालय द्वारा प्रस्तावित 36 सर्टिफिकेट कोर्सेज के बारे में विस्तार से चर्चा हुई एवं उनको इसी सत्र 2022- 23 से शुरू करने की सभी ने एकमत से संस्तुति की। अंत में आइक्यूएसी कोऑर्डिनेटर डॉ मनोज शुक्ला ने बाहर से आए हुए विशेषज्ञ एवं अन्य सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
