
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / प्रख्यात उद्योगपति, सी. दास ग्रुप के संस्थापक एवं समाजसेवी स्वर्गीय डॉ. छबील दास भाटिया जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में 225 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। यह शिविर सी. दास फाउंडेशन, रोटरी फरीदाबाद ईस्ट एवं रोटरी एनसीआर गोल्फर्स के संयुक्त तत्वावधान में लगाया गया। इसका उद्देश्य स्व. डॉ. छबील दास भाटिया जी के सेवा, समर्पण और मानवता के मूल्यों को समाज में आगे बढ़ाना था।
पृथला स्थित वमानी ओवरसीज कंपनी के प्रांगण में आयोजित इस शिविर में सर्वप्रथम स्व. डॉ. भाटिया को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर सी. दास ग्रुप के चेयरमैन श्री बी.आर. भाटिया, प्रबंध निदेशक आरके भाटिया, निदेशक विपिन भाटिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्व. डॉ. छबील दास भाटिया जी का जीवन समाजसेवा के प्रति समर्पित रहा है और इस प्रकार के आयोजन उनके आदर्शों को जीवंत बनाए रखते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए रक्तदान को सबसे बड़ा मानव सेवा कार्य बताया।
शिविर में कंपनी के कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने उत्साहपूर्वक रक्तदान करते हुए अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
आयोजकों ने बताया कि यह शिविर न केवल स्व. भाटिया जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने का माध्यम है, बल्कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने का भी महत्वपूर्ण प्रयास है। इस मौके पर सी.दास फाउंडेशन द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों को समर्पित एक त्रेमासिक पत्रिका का भी विमोचन भी बी.आर. भाटिया सहित वहां मौजूद कई गणमान्य लोगों के द्वारा किया गया, जिसमें संस्था की विभिन्न सेवा गतिविधियों और उपलब्धियों को दर्शाया गया है।








