फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि बंगाल-असम विधानसभा चुनाव होते ही भाजपा सरकार ने अपना असली चेहरा दिखाना शुरू कर दिया है। हर चुनाव से पहले भाजपा सरकार जनता को ठगने के लिए किसी न किसी चीज के दाम घटाती है और चुनाव के बाद उन दामों को कई गुणा बढ़ा देती है। इस बार भी केन्द्र की भाजपा सरकार ने अपना जनविरोधी चेहरा दिखाते हुए एलपीजी गैस के दाम बढ़ाने शुरू कर दिए है।
श्री कौशिक ने प्रैस को जारी अपने बयान में कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पहले ही बताया दिया था कि बंगाल व असम चुनाव समाप्त होते ही भाजपा सरकार अपना जन विरोधी रूप दिखाते हुए एलपीजी गैस व अन्य चीजों के रेट बढ़ाकर आम जनता को महंगाई की आग में ढकेल देगी और हुआ भी यहीं। दोनों राज्यों के चुनाव समाप्त होते ही 19 किलो के कॉमर्शियल सिलेंडर पर 993 रुपये, पांच किलो फ्री ट्रेड सिलेंडर पर 261 रुपये बढ़ोतरी करके हर वर्ग को प्रभावित, परेशान करने का काम किया है। ये सिर्फ गैस सिलेंडर के दाम ही नहीं बढ़े हैं, अब खाने-पीने की चीजों के दाम भी बढऩे लाजिमी हैं। आम आदमी और व्यापारिक वर्ग दोनों की चिंताएं और परेशानी बढ़ा दी हैं। यह अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि मानी जा रही है। अब कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत तीन हजार रुपये के पार पहुंच गई है। इस बढ़ोतरी को आम लोगों की जेब पर सीधा हमला बताया है।
उन्होंने कहा कि कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में इतनी बड़ी वृद्धि का असर केवल होटल और रेस्टोरेंट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका व्यापक प्रभाव रोजमर्रा की जिंदगी पर भी पड़ेगा। उन्होंने कहा कि होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग सेवाएं, फूड बिजनेस, क्लाउड किचन और छोटे-छोटे ढाबा संचालक इस फैसले से सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे। साथ ही गरीब व्यक्ति अपनी बहन-बेटी की शादी के लिए कॉमर्शियल सिलेण्डर कैसे खरीद पाएगा।
उन्होंने कहा कि गैस की कीमत बढऩे से इन व्यवसायों की लागत में भारी इजाफा होगा, जिसका सीधा असर उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। खाने.पीने की चीजों के दाम बढ़ जाएगें हैं, जिससे आम आदमी की थाली और महंगी हो जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है और लगातार लिए जा रहे फैसले जनता को आर्थिक रूप से कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि पहले ही पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की कीमतों में वृद्धि से लोग परेशान हैं। अब कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इतनी बड़ी बढ़ोतरी ने छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस फैसले को तुरंत वापस लिया जाए और महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही इस मुद्दे पर कोई राहत नहीं दी, तो पार्टी सडक़ों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आम जनता और छोटे कारोबारियों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगी।




