फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने आज वार्ड 15 और 16 में विभिन्न विकास कार्यों के निर्माण कार्य का विधिवत तरीके से शुभारंभ किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बताया कि वार्ड नंबर 15 और 16 में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, पार्कों के सौंदर्यीकरण, जल संरक्षण, सड़क एवं नाली निर्माण तथा अन्य आवश्यक जन सुविधाओं से संबंधित कुल 18 विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सभी कार्यों की कुल अनुमानित लागत 3 करोड़ 99 लाख 49 हजार रुपये निर्धारित की गई है।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं और कोई भी विकास कार्य अधूरा नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी समस्या या विकास कार्य के लिए वे सीधे उनसे या अपने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से संपर्क करें।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद के समग्र विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बड़े स्तर पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि मेट्रो विस्तार योजना के तहत फरीदाबाद को आगे जेवर एयरपोर्ट तक जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है और यह कार्य वर्ष 2026 के अंत तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही पलवल तक मेट्रो विस्तार की योजना भी तैयार है और इस परियोजना का कार्य भी वर्ष 2026 में प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद फरीदाबाद से दिल्ली एयरपोर्ट, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट तक सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। इस पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत आने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना फरीदाबाद को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बताया कि शहर में रेलवे से संबंधित कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं। पुराने रेलवे फाटकों को समाप्त कर उनकी जगह रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास बनाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में फरीदाबाद में कोई भी रेलवे फाटक नहीं रहेगा और सभी स्थानों पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जो वादे जनता से किए गए थे, उन्हें पूरा करने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। फरीदाबाद को भारत के मानचित्र पर एक विकसित और आधुनिक शहर के रूप में स्थापित करना उनका लक्ष्य है और इसके लिए सभी आवश्यक विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने हाल ही में एलपीजी को लेकर फैल रही अफवाहों का खंडन करते हुए कहा कि कुछ लोग जानबूझकर गैस की कमी की गलत खबरें फैला रहे हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बन रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युद्ध से पहले जितनी डिमांड थी और जितनी सप्लाई थी, उतनी ही सप्लाई आज भी जारी है और एक भी सिलेंडर की कमी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले 15 दिनों में उपभोक्ताओं की संख्या में कोई वृद्धि नहीं हुई है, फिर भी पैनिक के कारण लोग अनावश्यक रूप से सिलेंडर बुक कर रहे हैं और स्टॉक करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है, स्टॉक भी पर्याप्त मात्रा में मौजूद है और सभी उपभोक्ताओं को पहले की तरह उनके घर तक नियमित रूप से सप्लाई मिलती रहेगी।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, पार्षद जसवंत सिंह, पार्षद सुमन बाला सहित अन्य कई गणमान्य व्यक्तिगण मौजूद रहे।
