फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के नेतृत्व में आज फरीदाबाद के विद्यार्थियों को लोकतंत्र की कार्यप्रणाली से परिचित कराने का एक प्रेरणादायक अवसर प्राप्त हुआ। मंत्री विपुल गोयल विद्यार्थियों और अध्यापकों के एक प्रतिनिधिमंडल को लेकर चंडीगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने हरियाणा विधानसभा में चल रहे बजट सत्र की कार्यवाही को करीब से देखा और लोकतांत्रिक व्यवस्था की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अजरौंदा, फरीदाबाद के विद्यार्थी एवं अध्यापकगण तथा राष्ट्रीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ओल्ड फरीदाबाद की छात्राएं और अध्यापकगण भी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने विधानसभा के पावन सदन में जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर हो रही चर्चा, सरकार की नीतियों और निर्णय प्रक्रिया को ध्यानपूर्वक देखा और समझा। सदन की कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखना विद्यार्थियों के लिए एक अनूठा और शिक्षाप्रद अनुभव रहा।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि युवा पीढ़ी को लोकतंत्र की जड़ों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। जब विद्यार्थी स्वयं विधानसभा की कार्यवाही को देखते हैं और समझते हैं कि किस प्रकार जनप्रतिनिधि जनता के मुद्दों को सदन में उठाते हैं और नीतियों पर चर्चा होती है, तो उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान और जागरूकता स्वाभाविक रूप से विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि भारत का उज्ज्वल भविष्य आज के इन विद्यार्थियों के हाथों में है। ऐसे अनुभव न केवल उन्हें लोकतंत्र की शक्ति और गरिमा का अहसास कराते हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विद्यार्थी इस अनुभव से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में आगे बढ़ेंगे और समाज व राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देंगे।
विद्यार्थियों और अध्यापकों ने भी इस अवसर के लिए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का आभार व्यक्त किया और कहा कि विधानसभा की कार्यवाही को करीब से देखने का यह अनुभव उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक रहा। यह अवसर उन्हें लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को समझने और अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रेरणा प्रदान करेगा।
