फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / भाटिया सेवक समाज आरोग्य केंद्र में सोमवार को निशुल्क कानों के जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सिनेप्स वर्टिगो एंड हियरिंग केयर के सहयोग से लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी सुनने की शक्ति की जांच करवाई। शिविर का उद्देश्य लोगों को कानों से संबंधित बीमारियों के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों को समय पर परामर्श उपलब्ध कराना रहा।
शिविर के दौरान श्रवण शक्ति जांच विशेषज्ञ बलराम गौड़ व लक्ष्य सेहरावत ने आधुनिक मशीनों की सहायता से लोगों की सुनने की क्षमता की जांच की। जांच के बाद मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया गया तथा जिन लोगों को आगे उपचार की जरूरत थी, उन्हें उचित मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। शिविर में बुजुर्गों के साथ-साथ युवा और महिलाएं भी बड़ी संख्या में जांच कराने के लिए पहुंचे।
इस अवसर पर भाटिया सेवक समाज के प्रधान प्रीतम सिंह भाटिया ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों को सस्ती और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि भाटिया सेवक समाज द्वारा संचालित आरोग्य केंद्र में अत्याधुनिक मशीनों की मदद से आंखों की जांच व उपचार किया जाता है इसके अलावा समय-समय पर दांत, कान तथा अन्य बीमारियों से संबंधित निशुल्क जांच शिविर लगाए जाते रहते हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि आगे भी संस्था की ओर से इसी प्रकार के सामाजिक और चिकित्सा सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
शिविर के सफल आयोजन में समाज के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहा।
