फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश संगठन मंत्री पं. राजेंद्र शर्मा ने कहा है कि आम आदमी पार्टी ने हमेशा जनता के हितों की लड़ाई लड़ी है और आगे भी पार्टी इसी प्रकार आमजन की आवाज को बुलंद करने का काम करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार तानाशाही रवैया अपनाते हुए विपक्ष की आवाज दबाने का काम कर रही है, लेकिन आने वाले समय में जनता भाजपा को उसकी असलियत दिखाने का काम करेगी। श्री शर्मा मंगलवार को बाटा चौक स्थित पार्टी कार्यालय पर पत्रकारों से रुबरु हो रहे थे। इस दौरान हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रकाश चंद शर्मा ने अपने समर्थकों सहित आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। श्री शर्मा ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाते हुए उनका स्वागत किया और उन्हें विश्वास दिलाया कि उन्हें पार्टी में पूरा मान सम्मान दिया जाएगा।
श्री शर्मा ने दिल्ली के चर्चित शराब घोटाला में राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को बरी करने पर खुशी जताते हुए कहा कि इस निर्णय से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह और खुशी है और इससे साबित हो गया कि सच को दबाया नही जा सकता। केजरीवाल जी फिर से राजनीति में सक्रियता से उतरकर जनता की आवाज बुलंद करने का काम करेेंगे। संगठन मंत्री पं. राजेंद्र शर्मा ने हरियाणा सरकार द्वारा पेश कि गए बजट को निराशाजनक करार देते हुए कहा कि यह बजट केवल कागजोंं की बाजीगरी है, इसमें जनता के लिए कुछ भी नहीं है।
बजट में फरीदाबाद की घोर अनदेखी की गई है, जबकि यह जिला सरकार को सबसे ज्यादा रेवेन्यू देने वाले जिलों में शुमार है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में आने वाला समय आम आदमी पार्टी का है, दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर हरियाणा में भी पार्टी सरकार बनाएगी, उसके बाद सही मायनों में प्रदेश का विकास किया जाएगा। इस अवसर पर देवेद्र शर्मा, ओमानंद, देवराज सहित अनेकों गणमान्य लोग मौजूद थे।
