फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सेवा, समर्पण एवं जनहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सशक्त करते हुए फरीदाबाद एवं रेवाड़ी में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से मानवता और सुशासन के संकल्प को रेखांकित किया।
फरीदाबाद एस्टेट एजेंट वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा ‘हिन्द की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत वर्ष को समर्पित विशाल रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मंत्री जी ने रक्तदाताओं के उत्साह एवं सामाजिक जिम्मेदारी की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान जैसा महादान न केवल जीवन बचाने का माध्यम है, बल्कि समाज में करुणा, संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने इस पुनीत कार्य में सहभागी सभी रक्तदाताओं, आयोजकों एवं सहयोगी संस्थाओं का हृदय से अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया।
रेवाड़ी में आयोजित ग्रीवेंस कमेटी बैठक में मंत्री जी ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। बैठक में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण पर त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट एवं प्रभावी निर्देश प्रदान किए गए।
इस दौरान मंत्री जी ने कहा, जनमानस की सेवा का संकल्प ही हमारी सरकार की मूल भावना है। हमारी सरकार का हर कदम जनकल्याण एवं नागरिकों के जीवन को सुगम बनाने की दिशा में समर्पित है। आज विकास की कार्ययोजनाएं हर घर तक पहुँच रही हैं चाहे वह पेयजल की व्यवस्था हो, सड़क एवं सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाएं हों अथवा शिक्षा एवं अन्य जनहितकारी योजनाएं। जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है।
मंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध प्रभावी एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए उन्होंने दोहराया कि जनसेवा, संवेदनशील प्रशासन एवं जवाबदेह सुशासन के माध्यम से प्रत्येक नागरिक के विश्वास को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
फरीदाबाद एस्टेट एजेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष आकाश गुप्ता द्वारा आयोजित इस रक्तदान शिविर में मंत्री राजेश नागर सहित समाज के वरिष्ठ एवं सम्मानित गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। उपस्थित सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे मानवता, सेवा एवं सामाजिक जागरूकता का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
