फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए 40 वीर जवानों की पुण्यतिथि के अवसर पर विक्टोरा इंडस्ट्री द्वारा एक गरिमामय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके अद्वितीय बलिदान को स्मरण किया तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
शहीद पार्क: प्रेरणा और सम्मान का प्रतीक
14 फरवरी 2019 को 40 शहीद जवानों की शहादत को सदैव याद रखने और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से सेक्टर-58, फरीदाबाद में “ट्री मैन” के नाम से प्रसिद्ध एस एस बांगा द्वारा शहीद पार्क की स्थापना की गई। इस पार्क में सभी 40 वीर जवानों के नाम से पौधे लगाए गए, जो आज वृक्ष बनकर छाया और प्रेरणा प्रदान कर रहे हैं।
शहीद पार्क की विशेषता यह है कि देश में जब भी कोई जवान शहीद होता है, उसकी स्मृति में यहां एक पौधा लगाकर श्रद्धांजलि दी जाती है, जिससे शहादत की भावना प्रकृति और समाज दोनों में जीवित रहे।
इस अवसर पर एस. एस. बांगा ने कहा, “शहीदों का बलिदान हमारे लिए केवल इतिहास नहीं, बल्कि भविष्य की प्रेरणा है। शहीद पार्क में लगाया गया प्रत्येक पौधा हमें देशभक्ति, सेवा और प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है। हमारा प्रयास है कि आने वाली पीढ़ियां इन वृक्षों की छाया में शहीदों के आदर्शों को याद रखें और उनसे प्रेरणा लें।”
देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र सेवा और समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कंपनी के अधिकारियों ने कहा कि शहीदों की शहादत सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी और उनका सम्मान हर भारतीय का कर्तव्य है।
