फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधते हुए कहा है कि विपक्षी दल हमेशा जनता को गुमराह करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो भी कानून बनाती है, वह पूरी तरह जनता के हित को ध्यान में रखकर बनाए जाते हैं।
राव नरबीर पृथला विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक पंडित टेकचंद शर्मा के नवनिर्मित कार्यालय के उद्घाटन एवं पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी की जयंती पर आयोजित कार्यकर्ता बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता पं. टेकचंद शर्मा ने कैबिनेट मंत्री राव नरबीर का पृथला क्षेत्र में पधारने पर फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। बुजुर्गों की पेंशन में कटौती के मुद्दे पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता से दोबारा विचार कर रही है। यदि किसी तरह के संशोधन की जरूरत महसूस होगी, तो सरकार उसमें बदलाव कर संशोधित प्रस्ताव लाएगी। विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष भ्रम फैलाने की राजनीति करता है, जबकि भाजपा जनता की समस्याओं को समझते हुए निर्णय लेती है। यदि किसी कानून को लेकर जनता की आपत्तियां सामने आती हैं, तो सरकार उसमें संशोधन करने से भी पीछे नहीं हटती।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के कुशल नेतृत्व में हरियाणा दिन दूनी रात चौगुनी प्रगति कर रहा है और यहां का उद्योग गत और किसान इसमें बराबर के भागीदार है। उन्होंने कहा कि वे यहां मुख्यमंत्री नायाब सैनी के निर्देश पर आएं हैं ताकि पूर्व विधायक पं टेकचंद शर्मा से समन्वय स्थापित कर पृथला क्षेत्र में रुके हुए विकास कार्यों को गति प्राप्त हो तथा क्षेत्र में नए कार्यों की मंजूरी प्रदान की जा सके। इस अवसर पर पूर्व विधायक पं टेकचंद शर्मा ने कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह का संगठन के साथियों के साथ मिलकर फूल मालाओं व बुके देकर स्वागत किया तथा उनका हृदय से धन्यवाद करते हुए क्षेत्र की सुध लेने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र वासियों को आश्वासन दिया कि ऐसे प्रभावशाली मंत्री का सहयोग मिलेगा तो 2014 से 2019 वाला दौर लौटाने का प्रयास करूंगा।
इस अवसर पर लखमीचंद भरद्वाज, बिजेंद्र नेहरा, अनीता शर्मा, डा. बलदेव अलावलपुर, डॉ तेजपाल शर्मा, चारों मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, कृष्ण ख़ुटैला, रिंकू सैनी, अजय शर्मा, मुकेश कौशिक, नरेंद्र अत्री अनुज भाटी, ज्ञानचंद सैनी, मनोज रावत, श्रीमती सरोज सैनी सरपंच सहित गांवों के गणमान्य लोग, औद्योगिक क्षेत्रों के प्रतिनिधियों सहित मौजिज लोग उपस्थित थे।
