फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश संगठन मंत्री पं. राजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में युवा पार्थ अग्रवाल व लक्ष्मी नारायण मौर्या अपने सैकड़ों साथियों के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। बाटा चौक स्थित पार्टी कार्यालय पर राजेंद्र शर्मा ने पार्टी में शामिल हुए युवाओं को पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया और विश्वास दिलाया कि उन्हें यहां पूरा मान सम्मान मिलेगा।
इस मौके पर उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए पं. राजेंद्र शर्मा ने कहा कि आज हरियाणा के साथ-साथ समूचे देश के पढ़े-लिखे युवाओं का रुझान केजरीवाल के प्रति निरंतर बढ़ता जा रहा है क्योंकि उन्होंने दिल्ली में जो विकास का मॉडल पेश किया, वह आज तक कोई मुख्यमंत्री नहीं कर पाया इसलिए युवा वर्ग अरविंद केजरीवाल को देश का प्रधानमंत्री बनते हुए देखना चाहते है। श्री शर्मा ने कहा कि दिल्ली में आज कानून व्यवस्था का दिवाला निकला हुआ है, 15 दिन में करीब 800 से ज्यादा लोग गायब हो गए, लेकिन भाजपा सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। जो दिल्ली कभी अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री कार्यकाल में प्रदूषण मुक्त बनने की ओर अग्रसर थी, आज गैस चैंबर में तब्दील होती जा रही है, मौजूदा भाजपा सरकार दिल्ली का विकास करने में असफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी भाजपा सरकार केवल कागजों में विकास कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई विकास नजर नहीं आता। भाजपा में फिलहाल मंत्री जन्मदिन मनाने की होड़ में जुटे है, कोई जेसीबी से फूल बरसा रहा है तो कोई हेलीकॉप्टर से। जन्मदिन मनाने की आड़ में शक्ति प्रदर्शन हो रहा है, जबकि विकास करवाने में यह पूरी तरह से असफल साबित हुए है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हरियाणा में आने वाले समय में बड़ा राजनैतिक बदलाव होगा और आम आदमी पार्टी यहां अपने बलबूते पर सरकार बनाने का काम करेगी। इस मौके पर आम आदमी पार्टी ओबीसी समाज के संयुक्त सचिव देवराज गौड़, युवा विंग की ऐश्वर्य कौल, दलबीर गौड़, ओमानंद सहित अनेकों गणमान्य लोग मौजूद थे।
