
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / नगर निगम फरीदाबाद की एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने जानकारी दी कि पानी व सीवर कनेक्शनों के नियमितीकरण के लिए निगम द्वारा विभिन्न ज़ोन में लगाए गए कैंपों में नागरिकों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली है। इन कैंपों के माध्यम से आमजन को मौके पर ही आवेदन करने की सुविधा प्रदान की गई।
उन्होंने बताया कि सैनीक कॉलोनी स्थित कम्युनिटी सेंटर (ज़ोन-I व II, एनआईटी) में आयोजित कैंप में 26 पानी एवं 26 सीवर कनेक्शन के आवेदन प्राप्त हुए। अपणा घर सोसायटी (ज़ोन-III, एनआईटी) में 35-35 आवेदन मिले। वार्ड कार्यालय सेक्टर-18 (ओल्ड ज़ोन-I) में 12-12, एसएसएम स्कूल पल्ला कॉलोनी (ओल्ड ज़ोन-II) में 42-42 तथा किसान भवन, सुभाष कॉलोनी, (बल्लभगढ़ ज़ोन) में 46-46 आवेदन प्राप्त हुए।
एडिशनल कमिश्नर श्रीमति शर्मा ने बताया कि सभी कैंपों को मिलाकर कुल 161 पानी और 161 सीवर कनेक्शन के आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है, ताकि पात्र नागरिकों को शीघ्र लाभ मिल सके।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे आगामी कैंपों का लाभ उठाएं और आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करें। नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को पारदर्शी व सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना है।





