हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती रेणु भाटिया को पौधा भेंट करते हुए कुलपति प्रो. एस.के. तोमर
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती रेणु भाटिया ने आज समाज में महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, विशेषकर साइबर अपराधों से सुरक्षा के लिए महिलाओं के खिलाफ अपराधों से संबंधित विभिन्न कानूनों को लेकर जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया है।
श्रीमती रेणु भाटिया आज जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद में हरियाली पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. एस.के. तोमर ने की। उन्होंने श्रीमती भाटिया को पौधा भेंट कर स्वागत किया।
श्रीमती भाटिया ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ लक्षित साइबर अपराधों में साइबर स्टॉकिंग, साइबर मानहानि, अश्लील सामग्री का प्रसार और किसी की निजता में अतिक्रमण करना शामिल है जोकि आजकल बहुत आम है। वर्चुअल दुनिया में बढ़ते दायरे के कारण साइबर अपराध की संभावना बहुत अधिक होती जा रही है, जिसका सॉफ्ट टारगेट अक्सर शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने वाली लड़कियां होती हैं।
श्रीमती भाटिया ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर विभिन्न कानूनों के बारे में जागरूकता लड़कों के लिए भी उतनी ही जरूरी है जितनी लड़कियों के लिए। लड़कों को भी ऐसे अपराधों के परिणामों से भली-भांति परिचित होना चाहिए। उन्होंने साइबर अपराध को लेकर विद्यार्थियों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
विश्वविद्यालय द्वारा की गई पहल की सराहना करते हुए श्रीमती भाटिया ने कहा कि प्रकृति एवं महिलाओं का परस्पर जुड़ाव है। जिस प्रकार महिलाओं का जीवन परिवार पर केन्द्रित होता है, उसी तरह से प्रकृति भी हम सबका पालन-पोषण करती है। उन्होंने प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. एस.के. गर्ग, डीन (कॉलेज) प्रो. तिलक राज, निदेशक युवा कल्याण प्रो. प्रदीप डिमरी, पर्यावरण इंजीनियरिंग की अध्यक्ष डॉ रेणुका गुप्ता, डीएसडब्ल्यू कार्यालय और वसुंधरा ईसीओ क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
