
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / तिगांव स्थित प्रणव कन्या संघ में 23वां स्थापना दिवस बड़े ही धार्मिक उत्साह और परंपरागत बांग्ला रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हवन और पूजा-अर्चना से हुई, जिसमें पश्चिम बंगाल के पारंपरिक वाद्य यंत्रों की ध्वनि के बीच शक्ति प्रदर्शन भी किया गया।
संघ की संचालिका साध्वी मुक्ति प्रणा ने बताया कि स्थापना दिवस पर दो दिवसीय पूजा-अर्चना और विश्व शांति यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आश्रम के दानदाता, अनुयायी, साधु-संत, गणमान्य नागरिक और फरीदाबाद कालीबाड़ी मंदिर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पूजा के अंतिम दिन 108 दीयों से आरती की गई और सन्यासिनियों ने तलवार, त्रिशूल और भाले के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। 56 भोग भगवान को अर्पित किए गए और भंडारे का आयोजन हुआ। आश्रम की कन्याओं ने भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों का मन मोह लिया। प्रणव कन्या संघ की स्थापना नवंबर 2003 में हुई थी। 23वें स्थापना दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में साध्वी मां और अन्य सन्यासिनियों ने विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की। पूजा के दौरान ढाक, शंख और अन्य वाद्य यंत्रों की गूंज ने वातावरण को भक्ति से भर दिया।
साध्वी मां ने प्रसाद वितरित कर भक्तों को आशीर्वाद दिया।





