
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / कला के क्षेत्र में महारत हासिल कर रही जयपुर की प्रसिद्ध लघु चित्रकार सावित्री शर्मा इन दिनों सूरजकुंड मेला परिसर में चल रही छह दिवसीय लघु चित्रकला कार्यशाला में अपनी अनूठी कला का सराहनीय प्रदर्शन कर रही हैं। इस कार्यशाला में देशभर से आए कलाकार अपनी-अपनी चित्रकला शैलियों को प्रस्तुत कर रहे हैं I
गुरूवार को पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक सुनील कुमार ने आर्ट गैलरी में प्रदर्शित की गई विभिन्न चित्रकलाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने यहां प्रदर्शित की गई सभी चित्रकलाओं की प्रशंसा करते हुए चित्रकारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पर्यटन मंत्री डा. अरविंद शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा सूरजकुंड शिल्प मेला कलाकारों को बेहतर मंच प्रदान कर रहा है। सूरजकुंड मेले में विभिन्न मंचों के माध्यम से युवाओं को आगे बढऩे और उनकी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।उल्लेखनीय है कि कला एवं सांस्कृतिक विभाग हरियाणा और पर्यटन निगम के संयुक्त तत्वावधान में 14 फरवरी तक लघु चित्रकला कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यशाला में चित्रकार सावित्री शर्मा द्वारा बनाए जा रहे चित्रों में भारतीय शास्त्रीय संगीत की अनूठी परंपरा को दर्शाया गया है। विशेष रूप से उनका एक चित्र ‘राग-रागिनी’ की परिकल्पना पर आधारित है, जिसमें संगीत और कला का समन्वय खूबसूरती से झलकता है। लघु चित्रकला कार्यशाला में मौजूद कला एवं संस्कृति अधिकारी रेणु हुड्डा ने बताया कि कार्यशाला के अंतिम दिन अर्थात 14 फरवरी को प्रतिभाशाली कलाकारों द्वारा बनाई गई अद्भुत कृतियों का प्रदर्शन होगा। यह प्रदर्शनी, कला के प्रति उत्साही लोगों के लिए एक अनोखा अवसर होगी, जहां वे विभिन्न कलाकारों की प्रतिभा को एक साथ देख सकते हैं। यह प्रदर्शनी, कला के प्रति उत्साही लोगों, कलाकारों और कला के क्षेत्र में रुचि रखने वालों के लिए एक अद्वितीय अनुभव होगा।





