
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / फरीदाबाद सैक्टर 21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में आज विद्यालय का 31वां स्थापना
दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय में बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रत्येक कार्यक्रम में
मनोरंजन के साथ-साथ शिक्षाप्रद संदेश का समावेश रहा। कार्यक्रम में कला, संस्कृति, संगीत, शिक्षा और
मनोरंजन का अद्भुत सामन्जस्य दिखा।
कार्यक्रम के आरंभ में पारंपरिक ढंग से दीप प्रज्जवलित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बैंड ग्रुप ने
बड़े ही सुन्दर ढंग से विद्यालय के सभी गणमान्य लोगों का स्वागत किया गया। अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान
ने दीप प्रज्जवलित किया एवं उनके साथ उपाध्यक्षा श्रीमती चंद्रलता चौहान, जीवा आयुर्वेद संस्थान के
डायरेक्टर डॉ. प्रताप चौहान, विद्यालय की एकेडमिक एंड एक्सीलेंस हेड श्रीमती मुक्ता सचदेव, निदेशक
एवं एल्युमिनाई ऑफ जीवा पब्लिक स्कूल मधुसूदन चौहान, यंग डायरेक्टर्स सुश्री मीनाक्षी सिंह, सुश्री
नीरजा चौहान, सुश्री काजल चौहान एवं संयोजिकाएँ उपस्थित रही। इस अवसर पर ‘हेड ऑफ स्ट्रैटेजिक
प्रोजेक्ट’ जयवीर सिंह एवं प्रमुख संयोजिका सुश्री मिनी जोसेफ भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को देखकर सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि जीवा शिक्षण संस्थान में छात्रों का सर्वांगीण
विकास किया जाता है। प्री प्राइमरी के छात्रों ने विद्यालय के सभी सिद्धांतों एस.ओ.ई., स्वाध्याय, इत्यादि
को बहुत सुंदर गीत एवं नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। छठी कक्षा के तनमय ने स्वरचित कविता प्रस्तुत की।
विद्यालय के बैंड ग्रुप ने भी सुंदर प्रस्तुति दी। कक्षा पहली से लेकर बारहवीं तक के सभी होनहार छात्रों को
बेस्ट स्टूडेंट अवार्ड से भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले
छात्रों एवं अध्यापिकाओं को भी सम्मानित किया गया साथ ही विद्यालय के लिए उत्कृष्ट विचार प्रस्तुत करने
वाले छात्रों को भी सम्मानित किया गया
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने कहा कि एक प्रभावशाली विचार एवं उद्देश्य से
देश, समाज और विश्व में उत्कृष्ट परिवर्तन होता है। जीवा स्कूल की स्थापना भी एक विशेष विचार के कारण
ही हुआ जिसका उद्देश्य समाज और देश को एक नई दिशा देना एवं बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है एवं
विश्व में अपनी पहचान स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि छात्र जीवा की पद्धतियों को अपनाए और एक
स्वस्थ, संपन्न, व शांतिप्रिय समाज के निर्माण करने का प्रयास करें।
जीवा आयुर्वेद संस्थान के डायरेक्टर डॉ. प्रताप चौहान ने सभी छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि स्कूल
में सिखाए जाने वाले अनुशासन का बहुत महत्व होता है जो व्यक्ति अनुशासन का पालन करता है वह सदैव
अपने लक्ष्य को प्राप्त करता है और जीवन में सफलता भी प्राप्त करता है।
निदेशक एवं एल्युमिनाई ऑफ जीवा पब्लिक स्कूल श्री मधुसूदन चौहान ने भी छात्रों को संबोधित किया एवं
कहा कि जीवा पब्लिक स्कूल में नैतिक मूल्यों की केवल चर्चा नहीं की जाती बल्कि इनको आचरण करना भी
सिखाया जाता है। नैतिक मूल्य हमारे जीवन में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, ये सिद्धांत सदैव मनुष्यों
का सही मार्गदर्शन करते हैं।
उपाध्यक्षा श्रीमती चंद्रलता चौहान एवं एकेडमिक एंड एक्सिलेंस हेड श्रीमती मुक्ता सचदेव ने भी सभी को
इस अवसर पर शुभकामनाएँ दी।





