
फरीदाबाद, जनतंत्र टुडे / पेंशनर्स डे के अवसर पर सेक्टर -16 स्थित ईएसआईसी के हरियाणा क्षेत्रीय कार्यालय में पेंशनरों की वार्षिक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर आयुक्त एवं क्षेत्रीय निदेशक ए जे एम मुरलीधर राव ने की और उन्होंने सभी पेंशनरों को पैंशनर्स डे की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह दिन न केवल पेंशनभोगियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य करता है। बल्कि यह समाज और प्रशासन के बीच पेंशनरों की जरूरतों और अधिकारों को प्राथमिकता देने की प्रेरणा भी देता है।
कार्यक्रम की शुरुआत में ईएसआईसी पेंशनर्स एसोसिएशन हरियाणा के प्रधान योगेश सैनी, सचिव चंद्र प्रकाश शर्मा और संरक्षक आर के शर्मा ने बैठक के दौरान चिकित्सा सेवाओं, विशेष रूप से कैशलेस इलाज में आने वाली कठिनाइयों को अधिकारियों के समक्ष रखा। कई पेंशनरों ने अपनी सेवानिवृत्ति पर मिलने भुगतान के समय पर नहीं मिलने तथा चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों के शीघ्र अदायगी करने के मुद्दे भी उठाये। संबंधित अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि नियमों के अनुसार इन कठिनाइयों का शीघ्रता से निपटारा करने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर निजी अस्पताल के सहयोग से एक मोबाइल हेल्थ वैन द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में ऑर्थोपेडिक और कार्डियोलॉजी विशेषज्ञों द्वारा जांच के साथ-साथ एक्स-रे, ईसीजी, ब्लड शुगर परीक्षण, रक्तचाप मापन जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। यह पहल पेंशनरों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य की देखभाल के प्रति ईएसआईसी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
बैठक में उप निदेशक संजय राणा और वित्त उप निदेशक विवेक ने कहा कि पेंशनरों और प्रशासन के बीच सार्थक संवाद को मजबूत करता है। वह पेंशनरों द्वारा रखी गई सभी समस्याओं को जल्द से जल्द निपटारा करेंगे। इस मौके पर वित्त उप निदेशक विवेकानंद, पूनम बाला, राजभाषा अधिकारी बृजेश मिश्रा, आई एम ओ डा. जैकमैन हसन , एस एम ओ डॉ पी एस चौहान , डॉ. संदीप कुमार और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





