फरीदाबाद, जनतंत्र टुडे / एनआईटी नंबर 3 स्थित डीएवी शताब्दी महाविद्यालय में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान फरीदाबाद, की ओर से आयोजित जिला युवा महोत्सव मंगलवार को संपन्न हो गया। युवा महोत्सव माई भारत और युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग के संयुक्त तत्वाधान में हुआ था। समापन समारोह में निवर्तमान महापौर सुमन बाला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
उन्होंने कहा कि जिला युवा महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन करना सरकार की एक उत्कृष्ट पहल है, जो युवाओं की प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए किया गया है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सांस्कृतिक और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करना व युवाओं को अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में मंच संचालन देवेंद्र ने किया। जिला युवा अधिकारी प्रियंका मलिक ने जानकारी देते हुए बताया कि कविता, कहानी लेखन, पेंटिंग, भाषण प्रतियोगिता तथा फोटोग्राफी विधाओं के लिए पंच प्रण विषय पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं व इसी के साथ साइंस मेले का आयोजन भी किया गया। समापन समारोह के दौरान आईटीआई प्रधानाचार्य भगत सिंह, वाईसीओ सुनीता, नेहरू युवा केंद्र से जिला युवा अधिकारी प्रियंका मलिक सहित अन्य उपस्थित रहे।
विभिन्न प्रतियोगिताओ के परिणाम :—
समूह लोक नृत्य में डीपीएस बल्लभगढ़ की छात्र खुशबू प्रथम, सेक्टर-18 स्थित राजकीय महिला आईटीआई की छात्रा मयूरी द्वितीय और खुशबू तृतीय रही। एकल लोक नृत्य में मयूरी ने पहला, डीपीएस की खुशबू ने दूसरा और प्रिया ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। समूह लोक गायन में डीपीएस बल्लभगढ़ की टीम प्रथम, राजकीय आईटीआई तिगांव की टीम द्वितीय व तृतीय रही। एकल गायन में राजकीय महिला आईटीआई सेक्टर-18 की माेनिका प्रथम, डीपीएस बल्लभगढ़ का विदित द्वितीय और मानवी थापड़ तीसरे स्थान पर रही। भाषण प्रतियोगिता में जेसी बोस यूनिवर्सिटी का साहिल कौशिक, पंकज उपाध्याय व हिमिका क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रही।
फाेटोग्राफी प्रतियोगिता में विस्तृत गुप्ता ने पहला, धीरेंद्र ने दूसरा और हेमंत शर्मा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। यह तीनों जेसी बोस यूनिवर्सिटी के छात्र हैं। कविता पाठ में जेसी बोस यूनिवर्सिटी के साहिल कौशिक ने पहला, पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय की जीनत ने दूसरा और जेसी बोस यूनिवर्सिटी की अलका ने तीसरा स्थान हासिल किया। कला प्रतियोगिता में अलपाइन बोर्डिंग स्कूल के कृष्णा वर्मा, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तिगांव की ज्योति और राजकीय आईटीआई सेक्टर-18 के कृष्णकांत अग्रवाल ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।
कहानी लेखन में केएल मेहता दयानंद महिला महाविद्यालय की नेहा प्रथम, राजकीय आईटीआई एनआईटी का चेतन द्वितीय और गीता बाल निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल हिमानी शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हिमानी ने हे भारत के राम जागो कविता सुनाकर दर्शकों में जोश भर दिया। वह 11वीं कक्षा में पढ़ाई करती हैं। विज्ञान मेला की समूह प्रतियोगिता में अग्रवाल स्कूल के अभिषेक ने प्रथम, जेसी बोस यूनिवर्सिटी के अनिरुद्ध ने द्वितीय और जेसी बोस यूनिवर्सिटी के साहिल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एकल प्रतिस्पर्धा में जेसी बोस यूनिवर्सिटी के पुनीत प्रथम रहे।
