
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पानी हमारे लिए बेशकीमती है और हमें उसकी बूंद-बूंद का सदुपयोग करना है। ऐसे में हमें सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांटों (एसटीपी) के पानी के शोधन का स्तर इतना बेहतरीन करना है कि उसका बागवानी, शौचालयों सहित दैनिक जीवन के कार्यों में प्रयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि हमें साफ पानी सिर्फ पीने और नहाने के प्रयोग तक ही सीमित करना होगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार को लघु सचिवालय में फरीदाबाद जिला में चल रही 25 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे।
मीटिंग में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भविष्य में विकसित होने वाले एचएसवीपी के सेक्टरों में पानी की दो पाईपलाईन बिछाने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें एक में पीने वाला पानी और दूसरी पाइप लाइन में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से शोधित पानी की सप्लाई होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि फरीदाबाद में जितने भी रैनीवैल व सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांटों पर काम चल रहा है उन्हें समय पर पूरा करें। इनमें एफएमडीए की बसंतपुर में पेयजल सप्लाई स्कीम और मास्टर सीवरेज स्कीम योजना शामिल है।
इसके अलावा फरीदाबाद स्मार्ट सिटी की ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) आधार पर बनने वाले आठ सीवरेज ट्रिटमेंट प्लांट की भी उन्होंने समीक्षा की। इसके अलावा मीटिंग में स्मार्ट सिटी के बड़खल झील फ्रंट व मैरिना डेवलेपमेंट, पुलिस लाईन से शेरशाह सूरी मार्ग तक तीन अतिरिक्त रोड निर्माण, आईटीआई से नीलम चौक रोड, राजा नाहर सिंह स्टेडियम, ओल्ड फरीदाबाद की डिस्पेंसरी व नगर निगम भवन के निर्माण की समीक्षा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने एमसीएफ, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर, एचवीपीएनएल व वाईएमसीए के नए ब्लॉक निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
मीटिंग में केंद्रीय ऊर्जा एवं भारी उद्योग राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, प्रदेश के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, फरीदाबाद से विधायक नरेंद्र गुप्ता, तिगांव से विधायक राजेश नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा, पूर्व राजनीतिक सचिव अजय गौड़, प्रिंसिपल एडवाइजर शहरी विकास (मेट्रोपॉलिटन गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत) डीएस ढेसी, पुलिस आयुक्त राकेश आर्य, एफएमडीए की सीईओ ए श्रीनिवास, नगर निगम आयुक्त एक मोना श्रीनिवास, एचएसवीपी प्रशासक डॉ. गरिमा मित्तल, उपायुक्त विक्रम सिंह सहित सभी कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
लघु सचिवालय में छोटे बच्चों के लिए क्रेच सेंटर का किया मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उद्घाटन
फरीदाबाद, मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को फरीदाबाद के लघु सचिवालय में छोटे बच्चों के लिए क्रेच सेंटर का उद्घाटन किया। इस क्रेच सेंटर को लघु सचिवालय में काम करने वाली महिला अधिकारियों-कर्मचारियों के छोटे बच्चों व कामकाज के लिए आने वाली महिलाओं के छोटे बच्चों के लिए तैयार किया गया है। इस क्रेच सेंटर में फीडिंग रूम, रेस्ट रूम, प्ले सेंटर, रीडिंग एरिया, आर्ट कार्नर, स्टडी एरिया, प्लेयिंग एरिया और एक्टिविटी एरिया बनाया गया है।
