
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ अग्रवाल कॉलेज, बल्लबगढ़ में एन.एस.एस. व एन.सी.सी. इकाईयों द्वारा प्राचार्य डा. संजीव कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय कृमि निवारण दिवस बड़े उत्साह और समर्पण के साथ मनाया गया । इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य के लिए कृमि मुक्ति के महत्व के बारे में जागरूकता पैदा करना और यह सुनिश्चित करना था कि दवाएं उचित चिकित्सा पर्यवेक्षण के तहत दी जाएं ।
कार्यक्रम की शुरुआत एक सूचनात्मक सत्र से हुई जहां एन.एस.एस. स्वयंसेवकों व एन.सी.सी. कैडेट्स को डा. जयपाल सिंह, कार्यवाहक प्राचार्य ने कृमि मुक्ति के महत्व और समग्र स्वास्थ्य पर इसके प्रभाव के बारे में बताया । आंतों के कीड़ों से होने वाले संक्रमण को रोकने के लिए कृमि मुक्ति की आवश्यकता पर जोर दिया गया, जिससे बच्चों में कुपोषण, एनीमिया और विकास में बाधा उत्पन्न होती है ।
दवाएं, विशेष रूप से निर्धारित कृमिनाशक गोलियाँ, लाइसेंस प्राप्त चिकित्सा पेशेवरों के सख्त मार्गदर्शन के तहत बच्चों और छात्रों को वितरित की गईं और वितरण प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन किया गया ।
एन.एस.एस. स्वयंसेवकों व एन.सी.सी. कैडेट्स ने दवाओं के वितरण के आयोजन और सहायता में सक्रिय रूप से भाग लिया जिसमें 246 विद्यार्थियों ने लाभ प्राप्त किया । इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से एन.एस.एस. के कार्यक्रम अधिकारी व एन.सी.सी. अधिकारी की भूमिका महत्वपूर्ण रही I
