
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / आस्था और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में फरीदाबाद में एक सकारात्मक पहल सामने आई है। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री के सलाहकार अजय गौड़ द्वारा आयोजित खाटू श्याम जागरण में चढ़ाए गए फूलों को पर्यावरण हित में उपयोग के लिए विक्टोरा लाइफ फाउंडेशन को सौंपा गया। यह विक्टोरा लाइफ फाउंडेशन और नगर निगम फरीदाबाद के तत्वाधान में संचालित किया जा रहा है।
जागरण के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए फूलों को पारंपरिक रूप से फेंकने या नदियों में प्रवाहित करने के बजाय, इस बार उन्हें व्यवस्थित रूप से संग्रहित किया गया। अजय गौड़ ने इस पहल से जुड़कर इन फूलों को विक्टोरा लाइफ फाउंडेशन की टीम को सौंपा, ताकि उनका वैज्ञानिक तरीके से रीसायकल कर पुनः उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
इस दौरान लगभग साढ़े चार सौ किलो (450 किलो) फूल एकत्रित किए गए। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि ये फूल कचरे में सड़ते, तो इससे लगभग 600 से 800 किलो कार्बन डाइऑक्साइड के बराबर ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन हो सकता था। इस प्रयास ने संभावित पर्यावरण प्रदूषण को रोकने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इस अवसर पर अजय गौड़ ने कहा :—
“जागरण हमारी आस्था से जुड़ा हुआ है, लेकिन हमें यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि इससे पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे। मैंने प्रयास किया कि इस आयोजन में चढ़ाए गए फूलों को सही दिशा मिले, इसलिए इन्हें विक्टोरा लाइफ फाउंडेशन को सौंपा गया। यह एक सार्थक पहल है, लेकिन अगर सभी लोग ऐसे कदम उठाएं, तो बड़ा बदलाव संभव है।”
विक्टोरा लाइफ फाउंडेशन, जिसे एस एस बांगा द्वारा संचालित किया जा रहा है, नगर निगम फरीदाबाद के सहयोग से शहर में धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से निकलने वाले फूलों को एकत्रित कर उनके पर्यावरण अनुकूल उपयोग पर कार्य कर रही है।
इस संबंध में एसएस बांगा ने कहा :—
“हम नगर निगम फरीदाबाद और अजय गौड़ के सहयोग के आभारी हैं। हमारा उद्देश्य केवल फूल एकत्रित करना नहीं, बल्कि लोगों की सोच में बदलाव लाना है। हम इन फूलों का उचित प्रबंधन कर उन्हें उपयोगी रूप में परिवर्तित कर रहे हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है।”
हाल ही में, फरीदाबाद की मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने भी अपने जन्मदिवस पर प्राप्त शुभकामनाओं के फूलों को इस पहल से जोड़कर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।




