
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / भारतीय जनता पार्टी के चुनाव आयोग संपर्क विभाग जिला फरीदाबाद की प्रथम बैठक का आयोजन आज सेक्टर-15 स्थित अटल कमल भाजपा जिला कार्यालय में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच किया गया। बैठक की अध्यक्षता चुनाव आयोग संपर्क विभाग के जिला प्रमुख अश्विनी कुमार गुलाटी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला भाजपा महामंत्री प्रवीण चौधरी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत सभी कार्यकर्ताओं के परिचय के साथ हुई। इसके उपरांत अश्विनी कुमार गुलाटी ने कार्यकर्ताओं को एसआईआर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए संगठनात्मक कार्यों को मजबूती से आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी निरंतर जनहित के कार्यों और मजबूत संगठन शक्ति के बल पर देशभर में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही है। बैठक के दौरान पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी एवं असम में भाजपा की शानदार जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व के प्रति विश्वास जताया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। साथ ही आगामी पंजाब, उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को कमर कसने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान चुनाव आयोग संपर्क विभाग के जिला प्रमुख अश्विनी कुमार गुलाटी का जन्मदिन भी बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा मिठाई वितरित कर खुशी सांझा की।
कार्यक्रम के दौरान अश्विनी गुलाटी ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पं. मोहनलाल बड़ौली, जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल से सलाह मशवरा करके बडख़ल विधान सभा से ए.एस.नागपाल को बडख़ल विधानसभा, फरीदाबाद विधान सभा से जितेंद्र गर्ग और तिगांव विधानसभासे मुकुल रेक्सवाल को संयोजक नियुक्त किया।
बैठक का सफल संचालन डिस्टिक सेक्रेट्री ए.एस. नागपाल ने किया। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा आगामी चुनावी गतिविधियों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।





