फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / भाजपा फरीदाबाद के जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को “देशद्रोही” कहे जाने की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि यह बयान न केवल एक केंद्रीय मंत्री का अपमान है, बल्कि सिख समाज और उसकी बलिदानी परंपरा पर सीधा आघात है। सिख समाज का देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा में योगदान अतुलनीय रहा है। ऐसे समाज के प्रतिनिधि को इस प्रकार के अपमानजनक शब्दों से संबोधित करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। इस तरह के बयान समाज को बांटने तथा देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास हैं।
पंकज रामपाल ने आगे कहा कि यह बयान किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि एक संवैधानिक पद पर आसीन मंत्री, संवैधानिक संस्थाओं और पूरे राष्ट्र की गरिमा पर सीधा हमला है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
भाजपा फरीदाबाद के नेताओं ने जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल के नेतृत्व में क्यूआरजी चौक, ओल्ड फरीदाबाद पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांगेस मुर्दाबाद, राहुल गाँधी मुर्दाबाद के नारे लगाये। यह विरोध राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के लिए अपमानजनक शब्दों के प्रयोग के खिलाफ किया गया।
श्री रामपाल ने कहा कि गद्दार शब्द उस व्यक्ति के लिए प्रयोग होता है जिसने देश से विश्वासघात किया हो, न कि उस परिवार के लिए जिसने पीढ़ियों से राष्ट्र सेवा और बलिदान दिया हो। केन्द्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू एक ऐसे परिवार से आते हैं जिसकी जड़ें राष्ट्रसेवा और शहादत से जुड़ी हैं। उनके दादा सरदार बेअंत सिंह, पंजाब के मुख्यमंत्री रहते हुए आतंकवाद के खिलाफ लड़ते हुए शहीद हुए। ऐसे बलिदानी परिवार को गद्दार कहना शहीदों के सम्मान पर सीधा प्रहार है।
श्री रामपाल ने कहा कि सत्ता न मिलने की हताशा में राहुल गांधी अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं और लगातार अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रहे हैं राहुल गांधी कभी विदेश में जाकर लोकतंत्र का अपमान करते हैं तो कभी चुनावी हार के बाद देश की जनता को ही दोषी ठहराते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और भाजपा नेताओं के प्रति लगातार की जा रही अमर्यादित टिप्पणियां उनकी राजनीतिक हताशा को दर्शाती हैं। राहुल गांधी को अपने बयान पर देश से और सिख समुदाय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
सिख समाज ने हमेशा देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिए हैं। ऐसे बलिदानी समाज से जुड़े व्यक्ति को “गद्दार” कहना पूरे सिख समाज का घोर अपमान है। उन्होंने कहा कि देश के संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों के प्रति इस प्रकार की भाषा न केवल निंदनीय है, बल्कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय मर्यादाओं का खुला उल्लंघन भी है।
इस अवसर पर भाजपा वरिष्ठ नेता पूर्व जिला महामंत्री मूलचंद मित्तल जिला महामंत्री चौधरी प्रवीण गर्ग, शोभित अरोड़ा, उपाध्यक्ष एडवोकेट विक्रम सिंह अरुआ, भारती भाकुनी, जिला सचिव सुनील कुमार, तरनजीत सिंह भाटिया, मनीष छोंकर,गिर्राज त्यागी,डॉ.अनुराधा डीगवाल, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, तृप्ति माला, पार्षद सरदार कुलदीप सिंह साहनी, सचिन शर्मा, भाजयुमो जिला अध्यक्ष सचिन ठाकुर, एससी मोर्चा जिला अध्यक्ष गौरव चौहान, सरदार अनिल अरोड़ा, बंसी लाल, सरदार गोल्डी सिंह, कार्यालय सचिव राज मदान, मिडिया प्रभारी विनोद गुप्ता,संजय अरोड़ा, पुल्कित कपूर, रिंकू खंग्वाल अन्य कार्यकर्त्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे ।
