फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सराय ख्वाजा फरीदाबाद में जूनियर रेड क्रॉस एवं सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड अधिकारी प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा के प्रेरक मार्गदर्शन में छात्राओं के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में दुर्गा शक्ति महिला पुलिस दल ने विद्यालय का दौरा किया और छात्राओं से संवाद स्थापित किया। इस अवसर पर महिला पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से विद्यालय के आस पास के ऐसे स्थानों के बारे में जानकारी ली जहाँ वे स्वयं को असुरक्षित महसूस करती हैं।
प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा ने बताया कि छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए उन क्षेत्रों का उल्लेख किया जहाँ मार्ग में असामाजिक तत्व टिप्पणियाँ करते हैं या जहाँ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से असुविधा होती है। महिला पुलिस अधिकारियों ने इन सभी सुझावों और चिंताओं को गंभीरता से नोट किया और भरोसा दिलाया कि आवश्यक सुधारात्मक कदम शीघ्र उठाए जाएँगे। उन्होंने छात्राओं को विश्वास दिलाया कि उनकी सुरक्षा सर्वोपरि है और प्रशासन इस दिशा में हर संभव कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने यह भी संदेश दिया कि छात्राओं को आत्मविश्वास, सजगता और साहस के साथ आगे बढ़ना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की समस्या का सामना करते समय संकोच न करके तुरंत अपने माता, पिता, अध्यापक, पुलिस अथवा टोल फ्री नंबर पर संपर्क करना चाहिए। इस प्रेरक संवाद से छात्राओं में सुरक्षा को लेकर जागरूकता और आत्मबल दोनों का संचार हुआ। दुर्गा शक्ति महिला पुलिस दल ने यह भी आश्वासन दिया कि इस प्रकार के कार्यक्रम केवल विद्यालय तक सीमित नहीं रहेंगे बल्कि क्षेत्रीय स्तर पर भी व्यापक रूप से संचालित किए जाएँगे ताकि सभी बालिकाएँ और महिलाएँ सुरक्षित एवं सशक्त महसूस कर सकें।
इस अवसर पर दीपांजली शर्मा, पी जी टी शारीरिक शिक्षा ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बालिकाओं को मात्र शिक्षा तक सीमित न रखकर उन्हें सुरक्षित, आत्मनिर्भर और जागरूक नागरिक बनाना है। वे निरंतर इस प्रकार के कार्यक्रमों में सहयोग करती हैं और छात्राओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने हेतु प्रेरित करती हैं। प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिला सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और विद्यालय परिवार तथा पुलिस प्रशासन के सहयोग से ही सुरक्षित वातावरण का निर्माण संभव है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के सार्थक कार्यक्रमों से छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और समाज में महिला सुरक्षा व सम्मान की दिशा में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।
विद्यालय प्रशासन भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित करने के लिए संकल्पित है उन्होंने नवरात्रों के पावन अवसर पर सभी अध्यापकों, पुलिस प्रशासन, विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए बालिका सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सामूहिक रूप से कार्य करने की आवश्यकता और अलर्ट रहने का संदेश दिया।
