फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / सड़क सुरक्षा, साइबर क्राइम और नशे के खतरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के
उद्देश्य से अग्रवाल कॉलेज, बल्लभगढ़ में “पुलिस की पाठशाला” कार्यक्रम का
आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत
,अग्रवाल विद्या प्रचारिणी सभा के प्रेसिडेंट, देवेंद्र कुमार गुप्ता जी के मार्गदर्शन
में संपन्न हुआ। इसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न
सामाजिक और कानूनी मुद्दों पर जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे सामुदायिक पुलिस के एएसआई सुरेंद्र
सिंह दहिया ने छात्रों को साइबर क्राइम, सड़क सुरक्षा, नए आपराधिक कानूनों की
जानकारी और बदमाशी के खिलाफ खड़े होने की महत्ता पर जागरूक किया। उनकी
शिक्षाप्रद बातें छात्रों को सुरक्षित और सतर्क रहने के लिए प्रेरित करती रहीं।
इसके अलावा सामुदायिक पुलिस के इंस्पेक्टर सतीश ने सड़क सुरक्षा पर विशेष
जोर दिया। उन्होंने ड्राइविंग के दौरान मोबाइल के उपयोग से होने वाले खतरों और
अच्छे गुणवत्ता वाले हेलमेट के महत्व पर चर्चा की। उनके विचारों ने छात्रों को
जिम्मेदार ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया।
सब-इंस्पेक्टर वीरेन्द्र ने कार्यक्रम में नैतिक मूल्यों की आवश्यकता पर बात की
और छात्रों को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी। उनके विचारों ने छात्रों के आत्मबल
को बढ़ाया और उन्हें सकारात्मक जीवन विकल्पों की ओर प्रेरित किया।
इस आयोजन में एंटी नारकोटिक्स सेल की संयोजिका डॉ. रेखा सैनी की देखरेख में
कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, वहीं मंच का संचालन श्रीमती शेली मलिक ने
किया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण शिक्षण अनुभव साबित
हुआ |
