पुस्तक प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कुलपति प्रो. सुशील कुमार तोमर
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद की पंडित दीन दयाल उपाध्याय सेंट्रल लाइब्रेरी द्वारा संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों को नवीनतम और गुणवत्तापूर्ण प्रकाशन की पुस्तकों से परिचित करवाने के लिए 23 और 24 जनवरी, 2025 को दो दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
कुलपति प्रो. सुशील कुमार तोमर ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में जाने-माने प्रकाशकों द्वारा पुस्तकों को प्रदर्शित किया गया हैं। इस अवसर पर पुस्तकालय के अध्यक्ष प्रो. विकास कुमार, सभी डीन और विभिन्न शिक्षण विभागों के अध्यक्ष भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर बोलते हुए कुलपति ने उच्च शिक्षा में पुस्तकालयों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया। नालंदा और तक्षशिला जैसे प्राचीन भारतीय विश्वविद्यालयों में साहित्यिक संग्रह का उल्लेख करते हुए उन्होंने अकादमिक गतिविधियों को समृद्ध बनाने में प्रकाशकों के योगदान की अहम बताया। कुलपति ने प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और विभिन्न विषयों में नवीनतम प्रकाशनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने संकाय सदस्यों से पुस्तकालय के लिए गुणवत्तापूर्ण पुस्तकों की सिफारिश करने का आह्वान किया।
डिप्टी लाइब्रेरियन डॉ. पी.एन. बाजपेयी ने बताया कि इस तरह की पुस्तक प्रदर्शनी के आयोजन का मुख्य उद्देश्य मुख्य रूप से विश्वविद्यालय पुस्तकालय के मौजूदा संग्रह को समृद्ध करना है और संकाय सदस्यों को उनकी रुचि के क्षेत्र में नवीनतम प्रकाशनों के बारे में अपडेट करना है। प्रदर्शनी में मैकग्रॉ-हिल एजुकेशन, पियर्सन, सीआरसी, टेलर एंड फ्रांसिस, वर्ल्ड साइंटिफिक, कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी, न्यू एज, विले, स्प्रिंगर, सीबीएस, एस. चांद, सेनगेज आदि प्रकाशकों ने अपनी पुस्तकें प्रदर्शित की हैं। नरेन्द्र बुक डिस्ट्रीब्यूटर, इंटरनेशनल बुक सेंटर, साई ग्लोबल, बिब्लियोएज, इंटरकॉन्टिनेंटल, टेक्निकल ब्यूरो आदि ने भी अपने नवीनतम संग्रह प्रदर्शित किए हैं।
प्रदर्शनी में 27 से अधिक प्रतिष्ठित प्रकाशकों तथा पुस्तक वितरकों ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी तथा मानविकी के विविध विषयों की पुस्तकों को प्रदर्शित में रखा है। प्रदर्शनी में 7000 से अधिक विभिन्न शीर्षक प्रदर्शित किए गए है। प्रदर्शनी को लेकर विश्वविद्यालय के छात्रों, शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों की उत्साहजनक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
