
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / हरियाणा युवा संघ फरीदाबाद द्वारा आयोजित 13वां सर्कल कबड्डी कप रविवार को दशहरा मैदान, एनआईटी फरीदाबाद में बड़े उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता की शुरुआत सुबह 9 बजे हवन यज्ञ के साथ हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ संघ के संस्थापक अनिल दहिया, प्रधान संजय खासा, महासचिव संदीप पहल और कोषाध्यक्ष अजय दहिया ने संयुक्त रूप से किया।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हरियाणा और पंजाब की लगभग 50 कबड्डी टीमों ने भाग लिया। पूरे दिन चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। टूर्नामेंट में पहला पुरस्कार 1 लाख 1 हजार रूपये, दूसरा 71 हजार रूपये, तीसरा और चौथा 41 हजार रूपये, जबकि पांचवें से आठवें स्थान तक 5100-5100 रुपये के नकद पुरस्कार वितरित किए गए।
खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कबड्डी के साथ-साथ रस्सा कस्सी प्रतियोगिता और शक्तिमान-शेखू विशेष मुकाबला का भी आयोजन किया गया, जिनमें विजेताओं को नकद इनाम देकर सम्मानित किया गया। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए — बैस्ट रेडर और बैस्ट कैचर को प्रोत्साहनस्वरूप मोटरसाइकिल भेंट की गई।
इस अवसर पर दर्शकों की भारी भीड़ मौजूद रही, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन समिति के सदस्यों ने कहा कि हरियाणा युवा संघ का उद्देश्य युवाओं में खेल के प्रति रुचि जगाना और उन्हें नशे से दूर रखते हुए खेल और फिटनेस की दिशा में प्रेरित करना है। कार्यक्रम के समापन पर विजेता टीमों और खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
