
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / “स्वच्छता व हरियाली ही विकास की पहली पहचान है” इसी संदेश को साकार करते हुए सी. दास फाउंडेशन और फरीदाबाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ( एफआईए ) के संयुक्त तत्वावधान में सेक्टर-24 औद्योगिक क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। पिछले लगभग 15 दिनों से जारी इस अभियान ने क्षेत्र की सूरत बदल दी है।
सड़कों, डिवाइडरों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई के साथ-साथ कचरा निस्तारण और सौंदर्यीकरण का कार्य भी निरंतर जारी है। अभियान के दौरान जहां फैक्ट्रियों के आसपास फैले कूड़े कचरे और धूल-मिट्टी को हटाया जा रहा है, वहीं डिवाइडरों पर पौधरोपण कर हरियाली व पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इससे न केवल औद्योगिक क्षेत्र ऐसा स्वछता व हरियाली बढ़ेगी, बल्कि वहां काम करने वाले कर्मचारियों और राहगीरों को भी स्वच्छ वातावरण मिलेगा।
सी. दास ग्रुप के चेयरमैन बीआर भाटिया ने कहा कि स्वच्छ औद्योगिक क्षेत्र न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम है, बल्कि यह शहर की कार्य संस्कृति और विकास का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि उद्योगों की प्रगति तभी संभव है जब कार्यस्थल स्वच्छ और व्यवस्थित हो। उन्होंने यह भी बताया कि इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए शहर के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों और संस्थानों को भी इससे जोड़ा जाएगा, ताकि पूरा फरीदाबाद स्वच्छता और हरियाली का उदाहरण बन सके।
एफआईए के प्रधान राज भाटिया ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल सेक्टर-24 तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका लक्ष्य पूरे फरीदाबाद को “क्लीन एंड ग्रीन सिटी” बनाना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एफआईए और सी. दास फाउंडेशन भविष्य में भी ऐसे अभियानों को निरंतर जारी रखेंगे। यह पहल साबित करती है कि जब उद्योग जगत और सामाजिक संस्थाएं मिलकर कार्य करती हैं, तो शहर का विकास, पर्यावरण संरक्षण और जनसहयोग तीनों एक साथ संभव हो जाते हैं।
