
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
अमीपुर के राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय से सुरेन्द्र सिंह जेबीटी अतिथि अध्यापक 17 वर्षों की संघर्षपूर्ण सफल सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत हो गए। विद्यालय के समस्त स्टाफ के सदस्यों ने सुरेन्द्र सिंह का बहुत ही सम्मान के साथ विदाई-समारोह किया। हरियाणा अतिथि अध्यापक संघ के ब्लॉक प्रधान सुन्दर सिंह भड़ाना ने अपनी टीम के साथ पहुंच अध्यापक के सम्मान में रुपयों की माला पहना यूनियन की तरफ से प्रशस्ति-पत्र भेंट किया।
भड़ाना ने अपने वक्तव्य में कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने अपने 2014 के घोषणा-पत्र में अतिथि अध्यापकों को एक कलम से पक्का करने का वायदा किया था, लेकिन आज भाजपा ने अपने दो कार्यकाल पूर्ण कर लिए हैं फिर भी अतिथि अध्यापकों की सेवाएं नियमित नहीं की गईं। जिससे अतिथि अध्यापकों में रोष है। लम्बी सेवा देने के बाद भी अतिथियों को खाली हाथ ही घर लौटना होता है जोकि सरकार के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
हरियाणा सरकार को अपना वायदा पूरा करना चाहिए। भड़ाना ने सेवानिवृत सुरेन्द्र सिंह से भविष्य में अपने स्वास्थ्य की ओर ध्यान देने तथा समाज के कार्यों में सहयोग करने के लिए इच्छा जाहिर की। सेवानिवृति कार्यक्रम के आयोजन में जयराज नागर ने अपना अहम योगदान दिया। इस अवसर पर कार्यकारणी की तरफ से सुन्दर सिंह भड़ाना, जयराज नागर, अजय भारद्वाज, सुनील नागर, बीरपाल नागर, सन्त कुमार शास्त्री, जयबीर, नफे सिंह, सरिता, चन्द्र किरण, रुचित्रा पंवार, मंजू, विजय लक्ष्मी विशेष रूप से उपस्थित रहे।







